टीएमसी सांसद अनुपम हाजरा भाजपा में शामिल हुए
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही तमाम नेताओं का दल-बदल अभियान शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह का बदलाव आज देखने को मिला। पश्चिम बंगाल से टीएमसी सांसद अनुपम हाजरा आज भाजपा मे शामिल हो गए। बता दें कि अनुपम हाजरा बीरभूम के बोलपुर से सांसद है और उन्हें टीएमसी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अनुपम आज भाजपा कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। वहीं दिल्ली में आज कांग्रेस विधायक दुलाल चंद्र बार सीपीएम विधायक खगेन मुर्मू भी आज भाजपा में शामिल हो गए हैं।

प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता मुकुल रॉय लगातार तमाम नेताओं से संपर्क में हैं। उन्होंने हाजरा से हाल ही में मुलाकात की थी, जिसके बाद अनुपम हाजरा भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं। आज शाम को पार्टी कार्यालय में अनुपम हाजरा भाजपा में शामिल हो गए। गौर करने वाली बात है कि इसी वर्ष जनवरी माह में बाकुंडा के विष्णुपुर से सांसद सौमित्र खान ने भी भाजपा का दामन थामा था। सौमित्र और अनुपम आपस में अच्छे दोस्त हैं और मुकुल राय के सहयोगी माने जाते हैं।
आपको बता दें कि 10 मार्च को चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया था। इस बार कुल सात चरण में लोकसभा चुनाव होंगे, पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को और आखिरी चरण का मतदान 19 मई को होगा। जबकि चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में सभी सात चरणों में मतदान होगा। सात चरण में प्रदेश में चुनाव कराए जाने के फैसले पर ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह भाजपा की रणनीति है कि लंबी अवधि तक चुनाव होने तक वह प्रदेश के माहौल को खराब कर सकते हैं। लेकिन उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिलेगा और हम 42 में से 42 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications