'मेरी बेटी की नजर 40 प्रतिशत कमजोर', आईएएस पूजा खेड़कर के मामले में अब सामने आई एक और चौंकाने वाली बात
ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर लगातार विवादों में बनी हुई हैं। जिस तरह से उनपर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है उसके बाद वह सवालों के घेरे में हैं। इन सब के बीच पूजा के पिता ने उनका बचाव किया है।
पूजा के पिता दिलीप खेडकर भी रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। अपनी बेटी का बचाव करते हुए दिलीप खेडकर ने कहा कि साजिश के तहत उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। बता दें कि खेडकर 2020 में महाराष्ट्र प्रदूषण बोर्ड से रिटायर हुए थे।

बेटी का प्रमाणपत्र वैध
आरोप है कि पूजा ने गलत तरह से आरक्षण का लाभ उठाया और खुद को दिव्यांग बताकर नौकरी हासिल की है। पूजा के इस दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लेकिन पूजा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी का विकलांगता प्रमाण पत्र वैध है।
दिलीप खेडकर ने कहा कि विकलांगता कई तरह की होती है। पूजा दृष्टि दोष से पीड़ित है, जो 40 प्रतिशत से अधिक है। इसलिए वह विकलांगता के 40 प्रतिशत मानदंडों को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों ने प्रमाण पत्र जारी करने से पहले उसकी विकलांगता की पुष्टि की थी। विकलांगता प्रमाण पत्र जारी होने से पहले चिकित्सा पेशेवरों द्वारा सत्यापित भी किया गया था।
नियम का दिया हवाला
वर्ष 2022 में पूजा ने विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 34 के तहत विकलांग व्यक्तियों के लिए आरक्षण की मांग करते हुए केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) का दरवाजा खटखटाया है।
जांच में शामिल नहीं होने पर सफाई
हालाकि पूजा 22 अप्रैल 2022 और उसके बाद की पांच तारीखों में एम्स दिल्ली की चिकित्सा जांच में शामिल नहीं हुईं। जब इस बारे में दिलीप खेडकर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पूजा उस समय कोविड-19 संक्रमित थीं, उनका टेस्ट पॉजिटिव आया था।
ओबीसी आरक्षण विवाद
इन सब के अलावा पूजा पर ओबीसी आरक्षण का लाभ उठाने का भी आरोप है। जबकि उनके परिवार की संपत्ति 80 करोड़ रुपये से अधिक है, जोकि क्रीमी लेयर की शर्त के तहत निर्धारित 8 लाख रुपये की सीमा से कहीं अधिक है। परिवार की संपत्ति में दिलीप के पास 40 करोड़ रुपए, उनकी पत्नी मनोरमा के पास 18 करोड़ रुपए और पूजा के पास 22 करोड़ रुपए हैं।
मां के वायरल वीडियो पर सफाई
पूजा की मां का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह 2023 का है। वीडियो क्लिप में मनोरमा को विवादित खेत पर बंदूक लहराते हुए देखा जा सकता है। जिसके बाद पुणे ग्रामीण एसपी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दिलीप खेडकर ने कहा कि उन्होंने कानूनी रूप से जमीन खरीदी है और उन्हें दूसरे परिवार की ओर से उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनोरमा ने आत्मरक्षा के लिए हथियार रखा था और उसे इसे रखने की अनुमति थी।












Click it and Unblock the Notifications