North East Train के बेपटरी होने से पहले हुआ था धमाका, लोको पायलट और गेटमैन का चौंकाने वाला खुलासा
North East Express Train Accident News Update: बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर 11 अक्टूबर की रात 9:53 बजे नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस (नंबर- 12506) के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो गई है और 100 लोग घायल हैं। इस घटना ने बालासोर ट्रेन हादसे की एक बार फिर से याद दिला दी है और लोग रेलवे यात्रा की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच लोको पायलट और गेटमैन ने नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के डिरेल होने से पहले एक जोरदार धमाका हुआ था। ट्रेन के बेपटरी होने से पहले लोको पायलट और गेटमैन को धमाके की एक जोरदार आवाज सुनाई दी थी। ऐसे में इस रेल हादसे को लेकर बाहरी तत्व के संलिप्त होने की आशंका जताई जा रही है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रेल हादसे के जांच के आदेश दे दिए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन बेपटरी कैसे हुई...? इसके जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि, बचाव अभियान समाप्त होने के बाद घटना के कारण की जांच की जाएगी।
क्या बोले लोको पायलट और गेटमैन?
लोको पायलट और गेटमेन ने इस बात की पुष्टि की है कि नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन बेपटरी होने से पहले एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी। न्यूज-18 के मुताबिक रेल हादसे से पहले ही लोको पायलट और गेटमेन दोनों ने ही तेज आवाज वाला धमाका सुना था। हालांकि ये धमाका क्या था और कैसे हुआ...इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

ड्राइवर ने अचानक लगाया था ब्रेक, जिसके बाद हुआ हादसा
नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के गार्ड का भी कहना है कि ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक मारी थी। जिसके बाद ही ट्रेन डिरेल हुई। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि ड्राइवर ने क्यों ब्रेक लगाया, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार 128 किमी प्रति घंटे थी और ड्राइवर ने 128 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन में इमरजेंसी ब्रेक लगाया था। हालांकि ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि ड्राइवर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक क्यों लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications