ब्रिटेन की टूर एंड ट्रैवल कंपनी थॉमस कुक डूबी, पूरी दुनिया में 6 लाख लोग फंसे
लंदनः दुनियाभर में अलग-अलग जगहों पर आर्थिक मंदी के कारण कई क्षेत्रों में बड़ी कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी कड़ी में अब एक और कंपनी का नाम जुड़ गया है। टूर और ट्रैवल के क्षेत्र में दिग्गज कंपनी थॉमस कुक डूब गई।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को कंपनी ने दिवालिया होने से बचने के लिए सरकार से 20 करोड़ पाउंड मतलब करीब 1,800 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद मांगी थी। लेकिन सरकार ने पैसा देने से इंकार कर दिया। कंपनी बंद होने से 16 देशों में उसके करीब 21,000 कर्मचारी सड़क पर आ गए हैं, जिनमें केवल 9,000 ब्रिटेन में ही हैं।
इससे थॉमस कुक के जरिए यात्रा और होटल बुकिंग कराने वाले दुनियाभर के छह लाख से अधिक पर्यटक अलग-अलग देश के होटलों में कैद हो गए हैं। इनमें अकेले ब्रिटेन के करीब डेढ़ लाख पर्यटक हैं। यूरोप के कई क्षेत्रों में लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। क्योंकि लाखों पर्यटक को यात्रा बीच में ही रोकनी पड़ी।
स्पेन में थॉमस कुक द्वारा संचालित विमान सेवा के 46 विमानों की उड़ान रद्द कर दी गई हैं। ब्रिटेन में कंपनी के दफ्तर के बाहर एक नोटिस जारी किया गया है, जिसमें कंपनी के सीईओ पीटर फैंकहाउजर ने अपनी बात लिखी है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें कंपनी के बंद होने का बेहद अफसोस है।
कंपनी का वित्तीय हालत काफी लंबे समय से खराब चल रही थी। जब कंपनी ने मायट्रैवल नामक टूर एंड ट्रैवल कंपनी के साथ विलय किया उसके बाद कंपनी कर्ज के बोझ तले दब गई।
कंपनी के बंद होने पर कंपनी का कहना है कि ब्रेक्जिट की अनिश्चितताओं के कारण उसकी बुकिंग पिछले कई महीनों के दौरान बहुत कम हो गई थी। इससे उसके ऊपर कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया।
बता दें कि इस कंपनी के जरिए जिन लोगों ने बुकिंग कराई थी उनको होटलों ने चेक-आउट देने से इंकार कर दिया है। दुनियाभर के पर्यटकों ने ऐसी शिकायतें करनी शुरू कर दी है। इस कंपनी के जरिए बुकिंग कराकर लोग जिन होटलों में रुके हैं, उन होटलों को डर है कि थ़ॉमस कुक उनका भुगतान नहीं कर पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications