Today in Politics: मध्य प्रदेश के सतना में आज हुंकार भरेंगे राहुल गांधी
Today in Politics: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक हलचल काफी बढ़ गई है। कई दल चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के सतना में होंगे, वह यहां पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
वहीं एनसीपी में फूट के बाद शरद पवार और अजीत पवार आमने-सामने हैं। इस मामले में 9 नवंबर को चुनाव आयोग में सुनवाई हुई। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में आज भी यह मामला सुर्खियों में रह सकता है।

नीतीश रहेंगे चर्चा का केंद्र
जनसंख्या नियंत्रण को लेकर बिहार विधानसभा में जिस तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विवादित बयान दिया था उसकी वजह से वह चर्चा में बने हुए हैं। हालांकि उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली है लेकिन इसके बाद भी नीतीश चर्चा में बने हुए हैं। कभी नीतीश के साथ काम कर चुके प्रशांत किशोर ने कहा है कि नीतीश के राजनीतिक जीवन का यह क्लाइमैक्स चल रहा है।
महुआ मोइत्रा पर सामने पक्ष-विपक्ष
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर संसद में सवाल पूछने के लिए पैसे लेने के मामले में संसद की एथिक्स कमेटी ने उनकी सदस्यता को खत्म करने की सिफारिश की है। इस बाबत लोकसभा स्पीकर को पत्र भी लिखा गया है और महुआ के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की गई है। महुआ मोइत्रा विपक्ष की ओर से मुखर आवाज हैं, ऐसे में महुआ मोइत्रा को लेकर सियासी बयानबाजी का दौर देखने को मिलेगा।
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर नूराकुश्ती
दिल्ली में हवा लगातार जहरीली हो रही है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर आमने-सामने हैं, यही वजह है कि यह मुद्दा अब राजनीतिक हो गया है। एक तरफ आम आदमी पार्टी प्रदूषण के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रही है तो दूसरी तरफ भाजपा आम आदमी पार्टी के तमाम दावों पर सवाल खड़ा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications