Today in Politics: PM मोदी आज 'विकसित भारत, विकसित गुजरात' कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
Today in Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 10 फरवरी को दोपहर 1 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित भारत विकसित गुजरात' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी पूरे गुजरात में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) और अन्य आवास योजनाओं के तहत निर्मित 1.3 लाख से ज्यादा घरों का उद्घाटन और भूमि पूजन करेंगे।

पीएम मोदी का ये कार्यक्रम गुजरात के सभी जिलों में 180 से ज्यादा स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य कार्यक्रम बनासकांठा जिले में होगा।
राज्यव्यापी कार्यक्रम में आवास योजनाओं सहित अलग-अलग सरकारी योजनाओं के हजारों लाभार्थियों की भागीदारी देखी जाएगी। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री, गुजरात सरकार के अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय स्तर के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
आज बजट सत्र का आखिरी दिन, BJP ने अपने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप
आज संसद के बजट सत्र का आखिरी दिन है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने दोनों सदनों के सभी सांसदों को संसद में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
भाजपा ने अपने सभी राज्यसभा और लोकसभा सांसदों को आज सदन में मौजूद रहने के लिए कहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि आज बजट सत्र के आखिरी दिन संसद में कुछ बड़ा होने वाला है।
रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार दोनों सदनों में राम मंदिर पर चर्चा करा सकती है। ऐसा हो सकता है कि लोकसभा और राज्यसभा में आज राम मंदिर पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाए।
तेलंगाना में BJP सांसद बंदी संजय आज से करेंगे पदयात्रा
तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय कुमार आज से पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा के लिए सांसद बंदी संजय को हाईकोर्ट से भी परमिशन मिली है।
पाकिस्तान चुनाव नतीजे: इमरान खान की पार्टी ने सरकार बनाने का किया दावा
पाकिस्तान में संसदीय और प्रांतीय चुनावों के लिए वोटिंग अभी भी जारी है। पाकिस्तान में जेल के भीतर से चुनाव की कमान संभाल रहे इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने सबको चौंका दिया है।
पीटीआई के समर्थित उम्मीदवार सबसे आगे चल रहे हैं। लेकिन वोटों की गिनती के बीच ही नवाज शरीफ और इमरान खान की पार्टी दोनों ने ही सरकार बनाने का दावा पेश किया है।















Click it and Unblock the Notifications