Weather Update: सर्दी ने पकड़ा जोर, दिल्ली में कोहरे और धुंध से विजिबिलीटी हुई कम
Today Weather Update News: देश में राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल चुका है। गुलाबी ठंडक का अहसास बढ़ने लगा है। दिल्ली में कोहरे-प्रदूषण के कारण दृश्यता घटी है। सुबह और शाम की सर्दी ने अब जोर पकड़ लिया है। ऐसे में मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सबसे पहले दिल्ली की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में ठंड अब बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर यानी आज से दिल्ली में ठंड में तेजी देखी जाएगी। इसी के साथ 20 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार को पारा गिरकर 27.2 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी बहुत ज्यादा हो गया है।

रविवार को सुबह 8.30 से 9 बजे के बीच पालम में सबसे कम दृश्यता 500 मीटर रही, जबकि सफदरजंग में सुबह 7 बजे यह 300 मीटर रह गई। सोमवार को दिल्ली में तापमान 20 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को दिल्ली में 'घने' से 'बहुत घने' कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें अनुमान लगाया गया है कि राजधानी और आसपास के अधिकांश क्षेत्रों में दृश्यता 200 मीटर तक कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।
IMD के एक अधिकारी ने कहा, "सोमवार को दिल्ली में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही दिन में बाद में भी धुंध छाने की उम्मीद है।" आईएमडी के अनुसार दृश्यता 500-1,000 मीटर तक कम होने पर क्षेत्र में "उथला" कोहरा, दृश्यता 200-500 मीटर होने पर "मध्यम" कोहरा, दृश्यता 50-200 मीटर होने पर "घना" कोहरा और दृश्यता 50 मीटर या उससे कम होने पर "बहुत घना" कोहरा होता है।
उत्तर भारत में बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कोहरे की स्थिति के बनी रहने की संभवना है।
मुंबई में मौसम साफ, बेंगलुरु और चेन्नई में होगी बारिश!
वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मौसम साफ रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, बेंगलुरु और चेन्नई में आज यानी 18 नवंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। विंडी के अनुसार बेंगलुरु में 0.2 मिमी बारिश होगी, जबकि चेन्नई में मौसम साफ रहने की संभावना है। तेलंगाना के हैदराबाद और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी मौसम साफ रहने की संभावना है, जहां दोनों मेट्रो शहरों में तापमान 21 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications