अब TMC National Party नहीं, NCP-CPI का स्टेटस भी छिना, चुनाव आयोग के फैसले से तगड़ा झटका
अब TMC National Party नहीं है। पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी को चुनाव आयोग के इस फैसले से बड़ा झटका लगा है। आयोग के फैसले के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस, NCP और CPI का राष्ट्रीय दर्जा भी वापस लिया गया है।

TMC National Party: पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल- तृणमूल कांग्रेस (TMC) का राष्ट्रीय दर्जा वापस ले लिया गया है। चुनाव आयोग के इस अहम फैसले के बाद राष्ट्रीय राजनीति में टीएमसी को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
सीएम ममता को तगड़ा झटका
सोमवार को आयोग के फैसले के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी- तृणमूल कांग्रेस का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिन गया। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के इस फैसले को ममता बनर्जी के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है।
TMC सांसद ने कहा- फर्क नहीं पड़ता
नेशनल स्टेटस छिनने के बाद तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने कहा, तृणमूल कांग्रेस ने कई बाधाओं को पार किया है, हम इसे भी दूर करेंगे। हमें जो करना है वो करते रहेंगे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
शरद पवार की पार्टी का दर्जा भी छिना
चुनाव आयोग ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) का राष्ट्रीय दर्जा भी वापस लेने का ऐलान किया है। 2024 के लोक सभा चुनाव से पहले आयोग का ये फैसला काफी अहम माना जा रहा है।

राष्ट्रीय दर्जे के लिए हाईकोर्ट गई थी AAP
बता दें कि हाल ही में पार्टियों के नेशनल स्टेटस का मामला उस समय प्रकाश में आया था जब आम आदमी पार्टी (AAP) ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर कर EC को राष्ट्रीय दर्जा देने का निर्देश देने की अपील की थी।
Recommended Video
भारत में अब पांच नेशनल पार्टियां, आप को दर्जा मिला
AAP की याचिका पर फैसले से पहले सोमवार को अहम फैसले में चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को नेशनल स्टेटस देने की घोषणा कर दी। इसके बाद केजरीवाल की पार्टी भारत की पांचवीं नेशनल पार्टी बन गई।
RLD का दर्जा भी छिना
AAP के अलावा बीजेपी, कांग्रेस, सीपीएम और बसपा नेशनल पार्टी हैं। कई अन्य दलों का दर्जा भी बदला है। आयोग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की राज्य पार्टी (State Party) का दर्जा भी वापस लिया गया है।
दो दलों को राज्य के दल का दर्जा मिला
रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) को पश्चिम बंगाल में एक राज्य पार्टी के रूप में मान्यता दी गई है, जबकि मेघालय में वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिली है।












Click it and Unblock the Notifications