TMC नेता मदन मित्रा बोले- विपक्ष में दूसरी पार्टी को नहीं उभरने दे रही कांग्रेस, CM ममता निभा रहीं जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 3 दिसंबर: पश्चिम बंगाल की बंपर जीत के बाद अब टीएमसी की नजर अन्य राज्यों पर है। साथ ही उसने गोवा विधानसभा चुनाव में ताल ठोकने की पूरी तैयारी भी कर ली, लेकिन कांग्रेस को ये बात पसंद नहीं आ रही। जिस वजह से वो टीएमसी को बीजेपी का मददगार बता रही। साथ ही उस पर कांग्रेस का वोट काटने का भी आरोप लगाया। ऐसे में टीएमसी नेता भी कांग्रेस पर लगातार हमला कर रहे हैं।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए टीएमसी नेता मदन मित्रा ने कहा कि अगर ये लोग (कांग्रेस) सोचते हैं कि वे बीजेपी को गिरा सकते हैं, तो कोई बात नहीं उन्हें ऐसा करने दें। अगर ममता बनर्जी को कोई फर्क नहीं पड़ता, तो इसमें क्या हर्ज है? उन्हें जो अच्छा लगे वो करने दें। ममता बनर्जी का चरित्र कांग्रेस को तोड़ना नहीं है, वो खुद कांग्रेस से निकली हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम लंबे वक्त से देख रहे हैं कि कांग्रेस किसी दूसरे विपक्ष को उभरने नहीं दे रही, ताकि बीजेपी प्रभावित ना हो। ऐसे में विपक्ष की पूरी जिम्मेदारी ममता बनर्जी द्वारा वहन की जाएगी क्योंकि वो विपक्ष का चेहरा हैं।
ममता पर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी
हाल ही में ममता बनर्जी ने कहा था कि अब कोई यूपीए नहीं है, ऐसे में सवाल ही नहीं उठता कि यूपीए का नेता कौन होगा? इसके बाद कांग्रेस नेता टीएमसी सुप्रीमो पर भड़क गए। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि क्या ममता बनर्जी नहीं जानती कि यूपीए क्या है? मुझे लगता है कि उन्होंने पागलपन शुरू कर दिया है, उनको लग रहा कि देश का हर शख्स ममता-ममता चिल्ला रहा, लेकिन वो ये भूल गईं कि बंगाल का मतलब भारत नहीं है। वो लंबे वक्त से यूपीए को तोड़ना चाहती थीं और अब उन्होंने फिर से साजिश शुरू कर दी है। वहीं कपिल सिब्बल ने कहा कि कांग्रेस बिना यूपीए का मतलब है आत्मा के बिना शरीर। ये वक्त एकता दिखाने का है।












Click it and Unblock the Notifications