कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले उठा टीपू सुल्तान की मौत का मुद्दा, क्या है वोक्कालिगा समुदाय से कनेक्शन?
Karnataka Assembly Elections: कर्नाटक में टीपू सुल्तान का मुद्दा फिर से उठ गया है। बीजेपी नेता ने इस पर फिल्म बनाने की भी बात कह दी।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। इस बीच फिर से टीपू सुल्तान से जुड़ा एक विवाद खड़ा हो गया। जिसे बीजेपी ने चुनावी मुद्दे में बदल दिया। एक ओर बीजेपी टीपू सुल्तान के खिलाफ अपने आइकन वीर सावरकर को खड़ा कर रही, तो दूसरी ओर टीपू सुल्तान की मौत को लेकर नया दावा किया। इसका मकसद वोक्कालिगा समुदाय के वोट को अपनी ओर आकर्षित करना है।
दरअसल पिछले कुछ वक्त से कर्नाटक के स्थानीय लोगों में ये बात हो रही कि टीपू सुल्तान को दो वोक्कालिगा सरदारों उरी गौड़ा और नन्जे गौड़ा द्वारा मारा गया था। बीजेपी नेताओं ने तुंरत इस मुद्दे को पकड़ लिया। उन्होंने भी इसके साक्ष्य होने की बात कही। इसमें सीटी रवि, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अश्वथ नारायण और गोपालैया आदि शामिल हैं। दावा किया जा रहा कि उनकी नजर वोक्कालिगा वोट्स पर है, जो अब तक जेडीए और कांग्रेस का समर्थन करते रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस-जेडीएस ने इन दावों का खंडन किया। उनका दावा है कि उरी और नानजे गौडा का कोई अस्तित्व नहीं था, वो सिर्फ काल्पनिक पात्र हैं। इतिहासकार भी इस बात का खंडन करते रहते हैं।
फिल्म बनाने की घोषणा
ये विवाद एक हफ्ते से चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में राज्य के बागवानी मंत्री और निर्माता से नेता बने मुनिरत्न ने इस मुद्दे पर एक फिल्म की घोषणा की थी। वो इससे टुड़े टाइटल को रजिस्टर करवाने की बात कह रहे। इस विवाद में सोमवार को नया मोड़ आया, जहां श्री आदिचुंचनगिरी महासंस्थान मठ के प्रमुख पुजारी निर्मलानंदनाथ महास्वामीजी भी इस मुद्दे में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया कि इस बारे में दस्तावेज, ऐतिहासिक रिकॉर्ड, आदेश आदि इकट्ठा किए जाएं और उसे मठ के सामने प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने ये भी कहा कि अगर इस बारे में ऐतिहासिक साक्ष्य नहीं है तो इस पर फिल्म बनाने का कोई मतलब नहीं है। ऐसे में इस मुद्दे को समाप्त कर दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications