टाइम्स वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2022 घोषित, भारतीय विश्वविद्यालयों की रैंकिंग 350 के ऊपर
नई दिल्ली, 2 सितंबर: टाइम्स वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2022 का रिजल्ट आ गया है। जिसमें ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी पहले नंबर पर रही, जबकि कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। भारत के लिए ये रिपोर्ट काफी चिंताजनक है, क्योंकि पूरी लिस्ट में कुछ ही यूनिवर्सिटीज का नाम आया, वो भी 350 से ज्यादा रैंक पर मौजूद हैं।

टाइम्स वर्ल्ड यूनिवर्सिटी 200 के ऊपर जाने वाली यूनिवर्सिटी को रैंक नहीं देती बल्कि उनके लिए एक स्लाट बना देती है। ऐसे में भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु को 301-350 वाला स्लाट मिला है। भारत के हिसाब से ये शीर्ष पर है। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रोपड़ को 351-400 ब्रैकेट में रखा गया। वहीं बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU), जामिया मिलिया इस्लामिया और पंजाब विश्वविद्यालय सहित दस भारतीय विश्वविद्यालयों को 601-800 वाला रैंक मिला है, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय को 801-1,000 ब्रैकेट में स्थान दिया गया।
टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) की नवीनतम वार्षिक विषय रैंकिंग में 99 देशों के 1,600 से अधिक विश्वविद्यालय शामिल हैं, जिन्हें पांच क्षेत्रों में स्थान दिया गया है - टीचिंग (सीखने का माहौल), अनुसंधान, उद्धरण, अंतर्राष्ट्रीय दृष्टिकोण और इंडस्ट्री इनकम। इसके अलावा इसमें वैश्विक स्तर पर लगभग 22,000 विद्वानों के सर्वेक्षण प्रतिक्रियाओं को शामिल किया गया है।
जून में आई थी ये रिपोर्ट
वहीं जून में आई क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2022 के शीर्ष-200 स्थानों में तीन भारतीय विश्वविद्यालयों ने अपनी जगह बनाई थी। जिसमें आईआईएससी बेंगलुरु अनुसंधान के क्षेत्र में विश्व में प्रथम स्थान पर रहा। क्वाक्वेरेली साइमंडस(क्यूएस), वैश्विक उच्च शिक्षा विश्लेषकों ने जून में विश्व की अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय रैंकिंग का 18वां संस्करण जारी किया थी। उस दौरान पीएम मोदी ने भी सभी भारतीय विश्वविद्यालयों को बधाई दी थी।












Click it and Unblock the Notifications