Tillu Murder: नंदू गिरोह के खिलाफ दिल्ली-NCR में छापेमारी, 300 से ज्यादा जवान लगाए गए
टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद गैंगस्टर्स पर कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार को नंदू गैंग के 20 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मारे गए।

तिहाड़ जेल में मंगलवार को गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई। ऐसे में दिल्ली पुलिस अब एक्शन में आ गई है। उसकी ओर से बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में 20 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की गई।
जानकारी के मुताबिक द्वारका पुलिस ने कुख्यात नंदू गिरोह के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में छापेमारी अभियान शुरू किया। इसमें कम से कम 300 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इसके अलावा झज्जर, छावला, बाबा हरिदास नगर, नजफगढ़ और सोनीपत में सुबह 4 बजे से ही छापेमारी अभियान चल रहा।
सूत्रों के मुताबिक खुफिया जानकारी के आधार पर ये छापेमारी की जा रही है। इस अभियान में जो कुछ भी मिला है, उसकी जानकारी इकट्ठा की जा रही।
वहीं मामले में डीसीपी (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा कि छापेमारी- तलाशी अभियान दिल्ली और हरियाणा में चलाया जा रहा। जैसे ही सारी डिटेल मिल जाएगी, उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा। वहीं मामले में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अभी तक 20 लाख की नगदी और हथियार बरामद हुए हैं।
क्या है इस कार्रवाई का मकसद?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस ऑपरेशन का मकसद आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों, गैंगस्टरों और सहयोगियों को पकड़ना है। हालांकि इसे टिल्लू मर्डर से भी जोड़कर देखा जा रहा। ये छापेमारी कामयाब होती नजर आ रही, क्योंकि अभी तक पुलिस को काफी नगदी, हथियार और अवैध पदार्थ बरामद हुए हैं।
किसने की हत्या?
गैंगस्टर सुनील मान उर्फ टिल्लू ताजपुरिया तिहाड़ जेल में बंद था। मंगलवार सुबह लोहे की रॉड से हमलाकर उसकी हत्या कर दी गई। इस हमले को योगेश टुंडा और उसके साथी दीपक तीतर ने अंजाम दिया। दोनों ने मिलकर उस पर 40 से ज्यादा वार किए।
गोगी की हत्या में शामिल था टिल्लू
आपको बता दें कि 24 सितंबर 2021 को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में शूटआउट हुआ था, जहां गैंगस्टर गोगी की हत्या कर दी गई। इस मामले में टिल्लू का नाम सामने आया था।












Click it and Unblock the Notifications