पार्टनर की तलाश में 2000 किमी पैदल चलकर महाराष्ट्र पहुंचा बाघ, IFS अफसर ने शेयर की तस्वीर
'प्यार की तलाश' में 2000 किमी चलकर महाराष्ट्र पहुंचा बाघ, IFS अफसर ने शेयर की तस्वीर
नई दिल्ली। अक्सर आपने सुना होगा कि कोई शख्स अपने प्यार की तलाश में मीलों दूर तक चला गया। बॉलीवुड में भी ऐसी कई हिंदी फिल्में बनी हैं, जहां अपनी मोहब्बत को पाने के लिए फिल्म का हीरो दूसरे मुल्क तक चला जाता है। लेकिन, क्या आपने कभी सुना है कि कोई जानवर भी अपने प्यार के लिए मीलों लंबा सफर तय करे? आपको सुनने में ये बात भले ही अजीब लगे, लेकिन ये कहानी सच्ची है। एक बाघ अपने प्यार को पाने के लिए करीब 2000 किलोमीटर लंबा सफर तय करके तेलंगाना से महाराष्ट्र पहुंचा है।

IFS ऑफिसर ने शेयर की दिल छू लेने वाली तस्वीर
दरअसल भारतीय वन सेवा के अधिकारी प्रवीण कासवान ने इस दिल छू लेने वाली तस्वीर को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। प्रवीण कासवान ने बाघ की कहानी के बारे में बताते हुए लिखा है, 'भारत का यह बाघ रिकॉर्ड पैदल चलकर ज्ञानगंगा जंगल में पहुंच गया है। वह नहरों, खेतों, जंगलों, सड़कों को बिना अवरोध पार करते हुए, बिना किसी को नुकसान पहुंचाए 2000 किलोमीटर तक चला। उसने दिन में आराम किया और रात में सफर, और ये सब केवल उसने अपने लिए एक अच्छे पार्टनर की तलाश में किया। इस बाघ के ऊपर लगातार नजर रखी जा रही थी।'
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
आपको बता दें कि ज्ञानगंगा जंगल मेलघा टाइगर रिजर्व का हिस्सा है और महाराष्ट्र के बुलढाना जिले में स्थित है। आईएफएस ऑफिसर प्रवीण कासवान की तरफ से इस स्टोरी को शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर मैप ट्रैकिंग के साथ बाघ की यह तस्वीर काफी वायरल हो रही है। लोग सोशल मीडिया पर इस बाघ की स्टोरी को शेयर करते हुए रिएक्शन भी दे रहे हैं।

'ये बाघ असली हीरो है'
पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए एक यूजर ने लिखा है, 'वो बाघिन कितनी लकी होगी, जिसे ये बाघ मिलेगा। वो बाघ केवल उसे पाने के लिए 2000 किलोमीटर तक पैदल चला।' वहीं एक और यूजर ने लिखा, 'वाह, 2000 किलोमीटर का सफर और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, ये बाघ असली हीरो है। इस बाघ ने अपने लिए रास्ते में ही खाना तलाशा, शिकारियों से खुद को बचाया, और ये सारा संघर्ष केवल अपने पार्टनर को पाने के लिए।'

यूजर ने पूछा- क्या बाघिन मिली?
एक यूजर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए पूछा, 'बेचारा बाघ, क्या आखिर में उसे उसके लिए एक अच्छा पार्टनर मिला।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यह तो किसी की लाइफ में तांक-झांक करना हुआ। हम उसका पीछा कर रहे हैं। जानवरों को भी निजता का अधिकार है। मैं इस बात को सोचकर हैरान हूं कि अगर उस बाघ को रास्ते में कोई बाघिन मिल जाती तो वो इस डर से कि उसे कोई देख रहा है, इस बाघ के साथ संबंध बनाने से मना कर देती...हा हा।'

नवंबर से अप्रैल के बीच संबंध बनाते हैं बाघ
आपको बता दें कि बाघ तीन से पांच साल के बीच सेक्सुअल मैच्योरिटी तक पहुंचते हैं। इनमें मादा बाघिन तीन या चार साल में सेक्सुअल तौर पर मैच्योर होती है, जबकि बाघ चार से पांच साल में मैच्योर होते हैं। आमतौर पर बाघ और बाघिन साल में किसी भी समय संबंध बना लेते हैं, लेकिन नवंबर से अप्रैल के बीच का समय बाघों के संबंध बनाने के लिए ज्यादा अनुकूल माना जाता है, जब मौसम में ठंड होती है। ठंडे इलाकों में रहने वाले बाघ केवल सर्दियों के मौसम में ही संबंध बनाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications