तमिलनाडु पर मंडरा रहा चक्रवात का खतरा, केरल में बारिश के चलते कई इलाकों में यलो अलर्ट
चेन्नई/तिरुवनन्तपुरम, 13 नवंबर। दक्षिण भारत में एक बार फिर बारिश का कहर टूट पड़ा है। तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव और बाढ़ की स्थिति है। बारिश की वजह से अब तक कई लोगों की मौत भी हो चुकी है, वहीं कई लोगों को स्थानांतरित भी करना पड़ा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बारिश का असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी देखने को मिल सकता है, हालांकि चेन्नई में जारी रेड अलर्ट को अब हटा लिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया चक्रवाती सिस्टम बनने की उम्मीद है। आईएमडी के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने चक्रवाती के बढ़ने की पुष्टि की और कहा कि विभाग इसकी निगरानी कर रहा है क्योंकि यह लगातार बड़ा हो रहा है। वहीं तमिलनाडु को फिलहाल बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कई जिलों में आने वाले दिनों में भी बारिश हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Weather Updates: चेन्नई में हालात पहले से बेहतर, IMD ने Red Alert वापस लिया लेकिन यहां होगी बारिश
मौसम विभाग ने कन्याकुमारी, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुपत्तूर, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, कल्लाकुरिची, नमक्कल, करूर, डिंडीगुल, सेलम, नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, पेरम्बलुर, तिरुचिरापल्ली, मदुरै, विरुधुनगर, और थेनकासी में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के बाकी हिस्सों में भी मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं शनिवार को केरल के कई इलाकों में बारिश ने लोगों को परेशान किया। बारिश के बाद तिरुवनंतपुरम के मनक्कड़ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में जलभराव हुई है।
आईएमडी ने केरल के दक्षिणी जिलों के लिए 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी किया है। केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, राज्य के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में आपातकालीन राहत शिविर स्थापित किए जाएंगे। आईएमडी द्वारा जारी ऑरेंजे और यलो अलर्ट के मद्देनजर, पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications