नायडू को बड़ा झटका: TDP के चार सांसदों ने दिया इस्तीफा, बीजेपी में हुए शामिल
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को गुरुवार को तगड़ा झटका लगा। टीडीपी के 6 में से चार सांसदों ने पार्टी छोड़ दी है। टीडीपी के तीन राज्यसभा सांसदों ने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू को सौंप दिया है। इन सभी ने वेंकैया नायडू से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। मुलाकात के दौरान उनके साथ बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नेड्डा भी थे। इन तीनों ने बाद में जेपी नड्डा की मौजूदगी में बीजेपी ज्वाइन की।
टीडीपी के सांसद बीजेपी में शामिल
तेलगुदेशम पार्टी के तीन सासंदों ने दिल्ली में बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में बीजेपी ज्वाइन की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत भी मौजूद थे। बीजेपी ज्वाइन करने वाले टीडीपी सांसदों में सीएम रमेश, टीजी वेंटकेश, जी मोहन राव और वाईएस चौधरी हैं
वैंकेया नायडू को दी विलय की जानकारी
राज्यसभा में टीडीपी के 6 सांसद थे। इनमें से 4 सांसदो ने गुरुवार को राज्यसभा में टीडीपी के भारतीय जनता पार्टी में विलय का प्रस्ताव पास किया। इससे पहले तीन सांसदों ने उपराष्ट्पति वैंकेया नायडू और राज्यसभा के सभापति से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। वैंकेया को इस्तीफा सौंपने वालों में सीएम रमेश, टीजी वेंटकेश और वाईएस चौधरी थे। पार्टी के अब राज्यसभा में दो ही सदस्य बचे हैं। इन सांसदों पर दलबदल कानून नहीं लागू होगा। क्योंकि अगर किसी सदन में किसी पार्टी के दो तिहाई सदस्य अपनी पार्टी का दूसरी पार्टी में विलय करते हैं, तो उन पर दलबदल कानून लागू नहीं होता है। लिहाजा ये चारों राज्यसभा के सदस्य बने रहेंगे।

बीजेपी का एक भी विधायक नहीं
बीजेपी के पास मौजूदा आंध्र प्रदेश विधानसभा में कोई भी विधायक नहीं है। पिछली विधानसभा में उसके पास पांच सीटें थी और उसका टीडीपी से गठबंधन था। मार्च 2018 में बीजेपी और टीडीपी ने अलद-अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया। बीजेपी नेतृत्व के पास 2024 के चुनावों तक आंध्र प्रदेश के लिए बड़ा प्लान है। लेकिन वो मौजूदा नेताओं से खुश नहीं है। आंध्र प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुवर्धन रेड्डी ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू के विदेश दौरे से लौटने से पहले आंध्र प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य में अप्रत्याशित बदलाव होंगे।

जगन मोहन ने नायडू को सत्ता से किया आउट
जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में 175 विधानसभा सीटों में से 151 सीटों पर जीत हासिल की जबकि एन चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी 102 से 23 सीटों पर सिमटकर रह गई। वाईएसआर कांग्रेस को 49.9 फीसदी वोट मिले जबकि टीडीपी को 39.2 फीसदी वोट मिले। वहीं लोकसभा की 25 सीटों में वाईएसआर कांग्रसे को 22 सीट मिली।जबकि टीडीपी को 3 सीट मिली।












Click it and Unblock the Notifications