ओडिशा: नक्सलियों का बड़ा हमला, CRPF के तीन जवान शहीद
भुवनेश्वर, 21 जून: एक तरफ जहां बॉर्डर पर आतंकियों का सुरक्षा बल लगातार सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारत के अंदर नक्सली देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। अब ओडिशा में नक्सलियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए। जानकारी के मुताबिक ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में नक्सली हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए।
Recommended Video

हमले को लेकर सीआरपीएफ ने बताया कि ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में मंगलवार को एक नक्सली हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान शहीद हो गए। नक्सलियों ने घेरकर जवानों को अपना निशाना बनाया। चारों तरफ से जवानों पर हमला किया गया, जिसकी चपेट में आकर 3 जवानों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2.30 बजे जवानों पर हमला हुआ।
जहां पर हमला किया गया, वो छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर है, CRPF रोड ओपनिंग पार्टी पर नक्सलियों ने हमला बोल दिया। अटैक CRPF 19 बटालियन की ROP पार्टी पर किया गया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने यह हमला सड़कों को खोलने में लगी टीम पर घात लगाकर किया था। नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों की पहचान सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) शिशु पाल सिंह, एएसआई शिव लाल और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है।
शहीदों के परिजनों को 20 लाख का मुआवजा
राज्य सरकार ने प्रत्येक शहीद के परिवार को 20-20 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। ओडिशा पुलिस डीजीपी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि माओवादियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications