जानिए राहुल गांधी ने वसुंधरा राजे से क्यों कहा- मैडम ये 2017 है 1817 नहीं
जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंसरा राजे अपने एक अध्यादेश को लेकर राजनीतिक पार्टियों के निशाने पर आ गई हैं। पहले आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने राजे को निशाने पर लिया तो अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधा है। राहुल ने रविवार को ट्वीट कर लिखा कि 'मैडम चीफ मिनिस्टर, हम 21वीं सदी में रह रहे हैं। यह साल 2017 है, 1817 नहीं।' आपको बता दें कि वसुंधरा सरकार ने ऐसा अध्यादेश जारी किया है कि किसी भी जज, मजिस्ट्रेट या लोकसेवक के खिलाफ सरकार से मंजूरी लिए बिना किसी तरह की जांच नहीं की जाएगी। राहुल गांधी ने इसी अध्यादेश को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर निशाना साधा है।

और क्या है इस अध्यादेश में
इस अध्यादेश के अनुसार कोई भी लोकसेवक अपनी ड्यूटी के दौरान लिए गए निर्णय पर जांच के दायरे में नहीं आ सकता है, सिवाय कोड ऑफ क्रिमिनल प्रोसिजर 197 के जिसमें सरकार के स्तर पर सक्षम अधिकारी को 180 दिन अंदर प्रोसिक्यूसन की इजाजत देनी होगी। अगर 180 दिन के अंदर प्रोसिक्यूशन की इजाजत नहीं देता है तो स्वयं ही इजाजत मान ली जाएगी।
राहुल ने क्यों की 1817 की बात
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का सिंधिया घराने से खून का रिश्ता है। 1794 से लेकर 1827 तक ग्वालियर में दौलतराव सिंधिया का शासन था। 1816 में अंग्रेजों ने पिंडारियों के दमन के लिए सिंधिया घराने से सहयोग करने को मांगा। कुछ समय तक सिंधिया घराना अंग्रेजों के आमंत्रण पर ऊहापोह की स्थिति में रहा, अगले साल 1817 में पूर्ण सहयोग का वादा करते हुए ग्वालियर की संधि हुई।












Click it and Unblock the Notifications