भाजपा के इस बड़े नेता ने कहा, विनम्र लोगों के लिए नहीं है राजनीति
नई दिल्ली- अपने बयानों की वजह से अक्सर विवादों में रहने वाले पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के मुताबिक राजनीति में विनम्र लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। यही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि बिना जेल गए कोई नेता नहीं बन सकता। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आयोजित एक रैली में ये बातें कही हैं। इससे पहले वे सीएए के विरोध में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कई विवादास्पद बयान दे चुके हैं।

पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि जो लोग राजनीति करना चाहते हैं, उन्हें जेल जाना ही चाहिए। अगर पुलिस नहीं ले जाती है तो खुद से ही जेल चले जाना चाहिए। कोलकाता में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आयोजित एक रैली में नव-नियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि 'अगर आप जेल नहीं जाते तो आप नेता नहीं बन पाएंगे, अगर पुलिस आपको नहीं ले जाती तो खुद ही जरूर चले जाना चाहिए। अगर वे आपको कोई मौका नहीं देते तो आपको खुद से जेल जाने के लिए कुछ कहना चाहिए, तभी लोग आपका सम्मान करेंगे। विनम्र लोगों के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं है।'

गौरतलब है कि इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून के विरोध करने वालों को लेकर पहले वो कई विवादास्पद बयान दे चुके हैं। दिल्ली के शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बारे में उन्होंने कहा था कि खुले आसमान के नीचे इतनी कड़ाके की ठंड में भी कोई बीमार नहीं पड़ा या मरा नहीं यह आश्चर्यजनक है। उन्होंने मीडिया से कहा था, 'महिलाएं और बच्चे सीएए के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, दिल्ली में कड़ाके की ठंड में वे खुले आसमान के नीचे बैठे हैं। मुझे आश्चर्य हो रहा है कि उनमें से कोई बीमार नहीं पड़ा है। उनके साथ कुछ हो क्यों नहीं रहा है? वहां पर एक भी प्रदर्शनकारी मरा क्यों नहीं है?'
उन्होंने सीएए के विरोध को पूरी तरह बेतूका बताते हुए कहा था कि 'कोई अमृत पी लिया है कि उन्हें कुछ नहीं हो रहा है।' इसके अलावा उन्होंने दिल्ली के शाहीन बाग और कोलकाता के पार्क सर्कस पर बैठे प्रदर्शनकारियों के बारे में ये भी कहा था कि उन्हें धरना जारी रखने के लिए पैसे कहां से मिल रहे हैं।
इससे पहले वे सीएए और एनआरसी का विरोध करने वाले बुद्धिजीवियों और सिविल सोसाइटी के लोगों को शैतान और परजीवी तक कह दिया था।












Click it and Unblock the Notifications