नोएडा में मुआवजे को लेकर किसानों का आंदोलन, दिल्ली मार्च की कोशिश विफल, कई गिरफ्तार
Farmers Compensation Movement: किसानों का मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के तहत आने वाले गांवों में आंदोलन तेज हो गया है। किसानों ने 2 दिसंबर को दिल्ली मार्च करने का प्रयास किया था, जिसे नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल पर अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद स्थगित कर दिया गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को शांति से धरना देने की अनुमति दी गई थी।
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मंगलवार को एक बयान में दावा किया कि प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टिकैत ने फेसबुक लाइव पर कहा कि सरकार किसानों के अधिकारों को कुचलने की कोशिश कर रही है और आंदोलन को देश के खिलाफ बताती है। उन्होंने आंदोलन को जारी रखने का संकल्प लिया और कहा कि किसानों की आवाज नहीं दबाई जा सकती, देश में एक बड़ा संघर्ष होगा।

राकेश टिकैत ने प्रशासन को चेतावनी दी कि वे दो घंटे में नोएडा पहुंचेंगे और जहां भी गिरफ्तार नेताओं को रखा गया है, वहां मीटिंग करेंगे। इन घटनाओं से नोएडा में एक बार फिर बड़े आंदोलन की संभावना जताई जा रही है, और किसानों में गुस्सा बढ़ रहा है। यह आंदोलन एक बार फिर भूमि अधिकार और मुआवजे के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना चुका है।
पुलिस ने किसानों को बसों में भरकर किया गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे 100 से अधिक किसानों को हिरासत में लिया और बसों में भरकर दूसरी जगह भेज दिया। किसान नेताओं का आरोप है कि पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। दोपहर होते-होते दलित प्रेरणा स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसानों को कहां ले जाया गया।
किसान संसद का घेराव करने के लिए दिल्ली कूच करना चाहते थे। पुलिस ने किसानों से बातचीत कर तीनों प्राधिकरणों के अधिकारियों से मुलाकात करवाई। अधिकारियों ने किसानों से एक हफ्ते का समय मांगा और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उत्तर प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी के सामने रखा जाएगा। इसके बाद किसानों ने नोएडा एक्सप्रेसवे खाली कर दिया और दलित प्रेरणा स्थल में शिफ्ट हो गए थे, लेकिन मंगलवार को पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर प्रेरणा स्थल खाली करवा लिया।
यह भी पढ़ें पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, नहीं निकला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन
बीकेयू ने सिसौली में बुलाई आपात बैठक
भारतीय किसान यूनियन ने किसानों से एकजुट होने की अपील की है। बीकेयू के जारी बयान में कहा गया है, "उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में भूमि अधिग्रहण के विषय पर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आंदोलन कर रहे किसानों को पुलिस ने दलित प्रेरणा स्थल से अनुचित तरीके से गिरफ्तार किया है।" बीकेयू ने कहा कि यह तानाशाही किसान की आवाज को दबा नहीं सकती। गौतम बुद्ध नगर के इस आंदोलन के संबंध में भारतीय किसान यूनियन ने सिसौली, मुजफ्फरनगर में आपातकालीन पंचायत बुलाई है, जिसमें बीकेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी उपस्थित रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications