जेडीयू से निकाले जाने पर प्रशांत किशोर ने किया ट्वीट, नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात
नई दिल्ली। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड ने पार्टी के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय महासचिव पवन वर्मा पर कड़ी कार्रवाई की है। लगातार बगावती तेवर अपनाए हुए दोनों नेताओं को जेडीयू ने पार्टी से निकाल दिया। दोनों ही नेता पिछले कुछ समय से नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के मुद्दे पर जदयू प्रमुख नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे। प्रशांत किशोर लगातार ट्वीट के जरिए उनपर निशाना साधते रहे थे, जबकि पवन वर्मा ने नीतीश कुमार को चिट्ठी भी लिखी थी। इसी के बाद जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने ये फैसला लिया। वहीं जेडीयू से निकाले जाने के बाद प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया है।
Recommended Video

प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार को किया धन्यवाद
जेडीयू से निकाले जाने के बाद प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया, इसमें उन्होंने लिखा, 'धन्यवाद नीतीश कुमार, बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी को बनाए रखने के लिए मेरी शुभकामनाएं। भगवान आपको आशीर्वाद दें।' दरअसल, नागरिकता संशोधन कानून का जब से जेडीयू ने समर्थन किया था, उसके बाद से ही प्रशांत किशोर और पवन वर्मा ने इस पर अपना बगावती तेवर अख्तियार कर रखा था।

पवन वर्मा और प्रशांत किशोर पार्टी से बाहर
पवन वर्मा ने पिछले दिनों चिट्ठी लिखी थी, जिसपर नीतीश कुमार ने नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि किसी को कोई दिक्कत है तो पार्टी की बैठक में उनको अपनी बात रखनी चाहिए। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जेडीयू की तरफ से जारी हुई स्टार प्रचारकों की सूची में प्रशांत किशोर और पवन वर्मा का नाम नहीं था। इसी के बाद से ये माना जा रहा था कि पार्टी आलाकमान उनसे खफा है। इस बीच बुधवार को जेडीयू नेतृत्व पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर दोनों नेताओं को पार्टी से निकाल दिया।
जेडीयू से निकाले जाने पर प्रशांत किशोर ने किया ये ट्वीट
वहीं एक दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा था। उन्होंने प्रशांत किशोर की ओर से किए गए एक ट्वीट पर कोई प्रतिक्रिया दिए बिना कहा कि जो मुझे पत्र लिखता है मैं उसे जवाब देता हूं, जिसे ट्वीट करना है वो ट्वीट करता रहे। उन्होंने कहा था कि ट्विटर से राजनीति नहीं चलती है। अगर पार्टी में रहना है तो पार्टी लाइन में चलना पड़ेगा। इसके अगले ही दिन जेडीयू ने ये कार्रवाई की।












Click it and Unblock the Notifications