कश्मीरः सीआरपीएफ कैंप पर आतंकियों ने फेंका ग्रेनेड, सुरक्षाबलों ने की इलाके की घेराबंदी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में अज्ञात आतंकवादियों ने शुक्रवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप पर ग्रेनेड हमला किया। एक चश्मदीद के मुताबिक, जिले के दूनीवाड़ी इलाके में कुछ अज्ञात बाइक सवार आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंका। इस घटना में, किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान नहीं हुआ है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बडगाम ने कहा, दूनीवाड़ी चदौरा के एक सीआरपीएफ कैंप में ग्रेनेड फेंका गया था। कैंप में उपस्थित सभी जवान सुरक्षित हैं। बलों ने इस क्षेत्र में घेरा डाला है। पाकिस्तान की ओर से कश्मीर में लगातार अंजाम दी जा रही आतंकी घटनाओं को लेकर सीआरपीएफ डीजी एपी महेश्वरी ने कहा कि, सुरक्षाबल पूरी तरह से तैयार हैं। राज्य पुलिस और सुरक्षाबलों के बीच अच्छा तालमेल है।
उन्होंने कहा कि, राज्य की एजेंसियों के साथ मिलकर हम जरूरत के हिसाब से ऑपरेशन चला रहे हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें हमने आतंकवादियों को मार गिराया है। इससे पहले दक्षिण कश्मीर के जिला अनंतनाग के बिजबेहाड़ा इलाके में सीआरपीएफ जवानों के एक गश्ती दल पर कुछ आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक जवान घायल बताया जा रहा है।
उधर शोपियां जिले में कुछ आतंकवादियों ने एक पुलिसकर्मी को गुरुवार रात अगवा कर लिया था, जिसे कुछ ही घंटों बाद रिहा कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कांस्टेबल जावेद जब्बार को गुरुवार रात करीब नौ बजकर 40 मिनट पर शोपियां के वायिल में उसके घर से अगवा किया था, लेकिन कुछ घंटों बाद आतंकवादियों ने उसे छोड़ दिया। जब्बार शहर के हजरतबल इलाके में एक पुलिस अधिकारी की एस्कॉर्ट ईकाई में तैनात था और छुट्टी पर अपने परिवार से मिलने गया था।












Click it and Unblock the Notifications