Telangana Polls 2023: हैदराबाद से चुनाव लड़ेंगे मोहम्मद अजहरुद्दीन, जानें कांग्रेस के तय लक्ष्य पर क्या बोले?
Telangana Polls 2023: क्रिकेटर से नेता बने अजहरुद्दीन ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव हैदराबाद सीट से लड़ने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
Telangana Polls 2023: तेलंगाना में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी ताकत झोंकने में लगे हैं। इस बीच तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने हैदराबाद से चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। अजहरुद्दीन ने गुरुवार को कहा कि वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
क्रिकेटर से नेता बने अजहरुद्दीन ने आगे कहा कि कांग्रेस अच्छा कर रही है। रुझान हमारी पार्टी के पक्ष में हैं। हमें इस चुनाव में कड़ी मेहनत करनी होगी। मीडिया के यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस ने कोई लक्ष्य तय किया है? अजहरुद्दीन ने दिया ये जवाब...

अजहरुद्दीन ने कहा कि हमने कोई लक्ष्य तय नहीं किया है। बहुत से लोग कह रहे हैं कि हम एक्स/वाई सीटें जीतेंगे। लेकिन, यह चुनाव के बाद ही पता चलेगा। मैं हैदराबाद से चुनाव लड़ूंगा। अजहरुद्दीन का यह ऐलान घोषणा कांग्रेस द्वारा टीपीसीसी प्रमुख रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में 29 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति गठित करने के कुछ दिनों बाद आया है। राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष होने के नाते, अजहरुद्दीन पैनल के सदस्यों में से हैं।
अजहरुद्दीन का कैसा रहा सियासी सफर?
- 2018 में हैदराबाद के रहने वाले अजहरुद्दीन को टीपीसीसी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
- 2009 का लोकसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जीता था।
- 2014 का लोकसभा चुनाव राजस्थान के सवाई माधोपुर से लड़ा, लेकिन हार गए।
- 2019 के चुनाव में सबसे पुरानी पार्टी द्वारा मैदान में नहीं उतारा गया था।
सत्तारूढ़ TRS और कांग्रेस में कड़ी टक्कर
आगामी चुनाव में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को हराने के लिए कांग्रेस हरसंभव कोशिश कर रही है। पार्टी राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई बैठकें और रैलियां कर रही है। दूसरी ओर, टीआरएस भी आगामी चुनावों में सत्ता बरकरार रखने को लेकर आश्वस्त है। पार्टी पिछले 8 सालों से सत्ता में है और राज्य में उसका एक मजबूत संगठन है।












Click it and Unblock the Notifications