Telangana: भारत की सबसे बड़ी निजी रेल कोच फैक्ट्री का हुआ उद्घाटन, तेलंगाना में 2000 लोगों को मिला रोजगार
भारत की सबसे बड़ी निजी रेल कोच फैक्ट्री का गुरुवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास रंगारेड्डी जिले के कोंडाकल गांव में उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना की कंपनी मेधा सर्वो ड्राइव्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित इस कंपनी का उद्घाटन किया। पिछले साल, तेलंगाना सरकार और रेलवे रोलिंग स्टॉक के स्विस निर्माता स्टैडलर रेल ने घोषणा की थी कि राज्य में रेल कोच निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी
फैक्ट्री के श्रमिकों से बात करते हुए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि रेल कोच फैक्ट्री की स्थापना से आसपास के क्षेत्रों में कई सहायक उद्योगों का विकास हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए अधिक रोजगार पैदा हुए हैं। इस रेल कोच फैक्ट्री से कम से कम 2000 लोगों को रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना को इस बात पर गर्व है कि एक घरेलू कंपनी राज्य में रेल कोच का निर्माण करेगी। उन्होंने कंपनी को मुंबई से मोनो रेल का ऑर्डर मिलने पर खुशी जताई। आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम 2014 के हिस्से के रूप में, तेलंगाना को इसके गठन के छह महीने के भीतर एक रेल कोच फैक्ट्री का वादा किया गया था। हालांकि, राज्य सरकार की बार-बार अपील के बावजूद भी यह संभव नहीं हो सका। 2017 में, मेधा ग्रुप ने एक निजी रेल कोच फैक्ट्री स्थापित करने के लिए तेलंगाना राज्य औद्योगिक अवसंरचना निगम (TSIIC) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे।
100 एकड़ में फैली यह फैक्ट्री कोच, ट्रेन सेट, लोकोमोटिव, मेट्रो ट्रेन और मोनोरेल सहित सभी प्रकार के रेलवे रोलिंग स्टॉक का विकास करेगी। मेधा के प्रबंध निदेशक कश्यप रेड्डी ने उद्घाटन समारोह में बताया कि पहले चरण में करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। परियोजना के लिए प्रस्तावित निवेश 805 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि 558 लोगों को पहले ही रोजगार मिल चुका है और अतिरिक्त 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ हुआ है। निकट भविष्य में लगभग 1,000 लोगों को अतिरिक्त रोजगार मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications