Telangana Election: अमित शाह आज जारी कर सकते हैं भाजपा का चुनावी घोषणापत्र
Telangana Election 2023: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद में अपने तेलंगाना दौरे के दौरान आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का चुनाव घोषणापत्र जारी कर सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक तेलंगाना भाजपा का घोषणापत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज या शनिवार (18 नवंबर) को जारी कर सकते हैं। राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय ओबीसी अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने ये जानकारी दी है।
के. लक्ष्मण ने कहा है कि,''यह लोगों का घोषणापत्र होगा और इसमें कार्यान्वयन योग्य नीतियां होंगी। यह सिर्फ वोट के लिए नहीं होगा। हमारी पार्टी ने कल्याण बनाम मुफ्त के संबंध में स्पष्ट रूप से एक 'लक्ष्मण रेखा' का निर्धारण किया है। हम गरीबों के कल्याण के खिलाफ नहीं हैं। उदाहरण के लिए, 80% आबादी के लिए मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति ने सुनिश्चित किया है कि देश में कोई भी भूखा न सोए।''

आज रात में पहुंचेंगे अमित शाह
रिपोर्ट के मुताबिक अमित शाह 17 नवंबर को रात करीब 11 बजे विशेष विमान से हैदराबाद पहुंचेंगे और रात भर शहर में रुकेंगे। घोषणापत्र जारी करने के बाद शाह हेलीकॉप्टर से गडवाल जाएंगे और दोपहर 12.45 से 1.20 बजे के बीच एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे।
उसके बाद अमित शाह दोपहर 2.45 से 3.20 बजे के बीच बैठक के लिए नलगोंडा जाएंगे और फिर शाम 4.10 से 4.45 बजे तक एक अन्य कार्यक्रम के लिए वारंगल जाएंगे।
उसके बाद अमित शाह शाम 7 बजे से 7.45 बजे के बीच एमआरपीएस नेताओं से मुलाकात करेंगे। वहीं रात 8.15 बजे शाह विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
इससे पहले अमित शाह ने कहा था कि अगर 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में आती है तो पिछड़े वर्ग (बीसी) के नेता को तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने 27 अक्टूबर को सूर्यापेट (Suryapet) में एक बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की थी।
पीएम मोदी भी करेंगे तेलंगाना दौरा
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कथित तौर पर चुनाव अभियान के तहत 25 से 27 नवंबर तक लगातार तीन दिनों के लिए तेलंगाना का दौरा करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी 25 नवंबर को करीमनगर में एक सार्वजनिक बैठक और अगले दिन निर्मल में एक और बैठक को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications