'राहुल गांधी की तरह KCR को भी भागना पड़ा', तेलंगाना में PM मोदी ने एक तीर से लगाए दो निशाने
Telangana Election 2023: तेलंगाना में 30 नवंबर को कुल 119 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में भाजपा ने चुनावी राज्य में जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पीएम मोदी की तेलंगाना में ताबड़तोड़ रैलियां हो रही है। इसी कड़ी में रविवार को पीएम मोदी ने मेडक जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। जहां भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) चीफ और सीएम केसीआर पर जमकर निशाना साधा है।
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर परिवार के सदस्यों को राजनीतिक फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। इसी के साथ पीएम मोदी ने सीट बदलने को लेकर केसीआर पर राहुल गांधी को घेरते हुए हमला किया।

'राहुल गांधी की तरह केसीआर को भी भागना पड़ा'
मेडक जिले के तूप्रान में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री इसे (तेलंगाना) अपनी जागीर मानते हैं। KCR को आखिर दूसरी सीट पर चुनाव लड़ने की जरूरत क्यों पड़ी? वहां क्यों जाना पड़ा? कांग्रेस के राहुल गांधी को भी अमेठी छोड़कर केरल में भागना पड़ा था, KCR को भी भागना पड़ा है। इसका एक कारण भाजपा के कद्दावर उम्मीदवार एटाला राजेंदर हैं और दूसरा कारण किसानों और गरीबों का गुस्सा है।"
BRS और कांग्रेस को घेरा
पीएम मोदी ने आगे कहा कि BRS जैसी एक बीमारी का विकल्प कभी कांग्रेस जैसी दूसरी बीमारी नहीं बन सकती। BRS और कांग्रेस, इन दोनों बीमारीयों का इलाज सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।
तूप्रान में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस और BRS,दोनों में कोई फर्क नहीं है। कांग्रेस ने देश में सुल्तानशाही को बढ़ावा दिया और KCR ने यहां निज़ामशाही को ही आगे बढ़ाया। कांग्रेस और BRS, दोनों ही परिवारवाद की सबसे बड़ी प्रतीक है। कांग्रेस के पास बोफोर्स से लेकर हेलीकॉप्टर घोटाले में कमीशन खाने का पूरा ट्रैक रिकॉर्ड है।
पीएम मोदी ने कहा कि तेलंगाना के CM केसीआर भी स्वीकार करते हैं कि उनके विधायक 30% कमीशन लेते हैं। कांग्रेस के शाही परिवार के भी अधिकतर लोग भ्रष्टाचार के अनेक मामलों में जमानत पर घूम रहे हैं और KCR के परिवार के लोगों पर भी भ्रष्टाचार के अनेक मामलों की जांच चल रही है।"












Click it and Unblock the Notifications