तेलंगाना: बंदी संजय और एटाला राजेंद्र के बीच मतभेद से अमित शाह नाराज, कहा- 'एकजुट होकर चुनाव में जुटिए'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना में भाजपा नेताओं से आपसी मतभेद दूर करने के लिए कहा है। अमित शाह ने मतभेद की खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी नेताओं को आंतरिक कलह से हटकर आने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटना चाहिए।
अमित शाह ने पार्टी के सीनियर नेताओं के साथ अलग से बैठक करते हुए कहा कि उनके मतभेदों का भारी खामियाजा भाजपा को राज्य के विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ा है।

अमित शाह ने बैठक में कहा, 'लोकसभा चुनाव बहुत नजदीक है और अब आपके इन मतभेदों को पार्टी बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। अगर कोई भी पार्टी के हितों के खिलाफ काम करता है, तो फिर ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेहतर होगा कि आप अपना रवैया बदलें और पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करें।'
सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने विशेष तौर पर करीमनगर के सांसद बंदी संजय और पूर्व विधायक एटाला राजेंद्र के बीच चल रहे मतभेदों पर नाराजगी जताई। इस दौरान ये जानकारी भी पता चली कि आने वाले लोकसभा चुनाव में जी किशन रेड्डी, बंदी संजय और धर्मपुरी अरविंद को अमित शाह उनकी संबंधित लोकसभा सीटों से फिर से उतारने के पक्ष में हैं।
इस दौरान अमित शाह ने लोकसभा टिकट के दावेदारों की ताकत और जीत की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी ली। भाजपा का लक्ष्य इस बार तेलंगाना में 10 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने का है।












Click it and Unblock the Notifications