Tamil Nadu Poll: लियोनी, राजा और अब मारन, महिलाओं को लेकर DMK नेताओं के बिगड़े बोल
चेन्नई। देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मैदान तैयार है। सभी पार्टियां एक दूसरे पर वार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इस दौरान नेता एक दूसरे पर हमले में शब्दों की मर्यादा भी तोड़ रहे हैं। अधिकांश मामलों में नेता भले हमला किसी पर ही करें उनके बयानों से अपमानित महिलाएं ही होती हैं। महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक बयानों की तमिलनाडु में भरमार आई है और इसमें पहले नंबर पर मुख्य विपक्षी डीएमके के नेता हैं।

ए राजा के बयान पर भावुक हुए पलानीस्वामी
डीएमके नेता ए राजा के एक बयान ने तो तमिलनाडु की राजनीति को ऐसा गरमाया कि आखिरकार ए राजा को सामने आकर माफी मांगनी पड़ी। ए राजा एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके नेता ई पलानी स्वामी को अवैध संतान बता दिया। ए राजा डीएमके नेता स्टालिन से पलानी स्वामी की तुलना कर रहे थे। इस दौरान राजा ने कहा कि पलानीस्वामी अवैध संबंध के चलते समय से पहले ही पैदा हो गए बच्चे हैं। जबकि स्टालिन वैध संबंध से पैदा हुए पूरी तरह परिपक्व संतान हैं।
ए राजा के इस बयान से ई पलानीस्वामी को इतना दुख हुआ कि सीएम भरी सभा में भावुक हो गए। अपनी मां के बारे में कहे गए शब्दों को बोलते हुए पलानीस्वामी ने कहा "इसे मेरी मां के बारे में ही मत देखिए लेकिन इसे अपने घर में मां के बारे में रखकर सोचिए कि ये बयान कितना निम्न स्तर का है। जब कोई आम इंसान मुख्यमंत्री बन जाता है तो वे सब उसके बारे में क्या कहते हैं ? अगर मुख्यमंत्री के लिए यह स्थिति (बयान) है तो सोचिए आम लोगों के लिए वे किस तरह से बात करते हैं।"

राजा के बयान पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
ए राजा के बयान का जब विरोध तेज हुआ तो उन्हें अहसास हुआ और फिर डैमेज कंट्रोल के तहत वह माफी मांगने सामने आए। राजा ने वही पुराना जुमला दोहराया जो सभी नेता कहते हैं कि मेरे बयान का अलग संदर्भ में देखा गया। हालांकि ए राजा ने यह भी कहा कि पलानीस्वामी के भावुक होने से उन्हें दुख हुआ है। उनका इरादा स्वामी पर निजी हमले का कतई नहीं था वह बस दो व्यक्तियों की राजनीति की तुलना कर रहे थे।
राजा ने भले ही माफी मांग ली हो लेकर ए राजा के बयान को लेकर उठा विवाध खत्म होता नहीं दिख रहा है। मंगलवार को पीएम मोदी ने महिला विरोधी बयानों को लेकर डीएमके पर हमला बोला। पीएम ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस के पास देने के लिए कुछ भी नहीं है। इसलिए उन्होंने अपनी बेकार हो चुकी 2जी मिसाइल लॉन्च की है। इस मिसाइल का काम महिलाओं का अपमान करना है।
पीएम ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस की संस्कृति ही महिलाओं का अपमान करना है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों दल अपने नेताओं को काबू में रखें।

मारन ने दिया पीएम और जयललिता को लेकर कही आपत्तिजनक बात
भले ही राजा के बयानों के चलते पार्टी बैकफुट पर हो लेकिन डीएमके नेताओं के महिलाओं पर आपत्तिजनक बयानों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अभी पार्टी ए राजा को लेकर किसी तरह डैमेज कंट्रोल कर ही रही थी कि अब दयानिधि मारन का ऐसा ही बयान सामने आया है। इस बार दयानिधि मारन ने जयललिता और पीएम मोदी को लेकर अजीब बात कह दी।
दयानिधि मारन एक रैली को संबोधित कर रहे थे जहां उन्होंने कहा एआईएडीएमके नेता जयललिता को अम्मा कहते हैं और वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पिता कहते हैं। ऐसे में दोनों का रिश्ता क्या था ? जब मैं यही बात कहता हूं तो वे मुझ पर चिल्लाते हैं लेकिन वे खुद ही प्रधानमंत्री को पिता कहकर बुलाते हैं।

डिंडीगुल लियोनी ने महिलाओं को कहा था गैलन
कुछ दिन पहले ही डीएमके के एक नेता ने महिलाओं के बारे में ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी कि करुणानिधि की बेटी और पार्टी नेता कनिमोझी को खुद उसकी आलोचना करनी पड़ी थी। पार्टी नेता डिंडीगुल लियोनी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं के फिगर की तुलना गैलन से कर दी थी। लियोनी ने कहा था कि महिलाएं विदेशी गाय का दूध पी रही हैं इसलिए वे गैलन हो गई हैं। जबकि पहले महिलाओं का फिगर 8 साइज में होता था।
लियोनी का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने इसकी आलोचना करते हुए इसे बेहद ही सेक्सिस्ट बयान बताया था। विरोध बढ़ता देखकर कनिमोझी को खुद डिंडीगुल के बयान की आलोचना के लिए सामने आना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications