MP News: सीएम डॉ. मोहन और राजनाथ सिंह ने किया टी-सीरीज टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट का शुभारंभ, जबलपुर बनेगा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब

टी-सीरीज़ टैंक ओवरहाल प्रोजेक्ट का उद्घाटन मध्य प्रदेश के जबलपुर में मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य भारतीय रक्षा निर्माण को बढ़ावा देना, स्थानीय रोजगार पैदा करना और जबलपुर को रक्षा उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जो सैन्य हार्डवेयर में आत्मनिर्भरता के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को जबलपुर स्थित आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड की व्हीकल फैक्ट्री में टी-सीरीज टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट का भूमि-पूजन किया। इस दौरान दोनों ने परियोजना से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण भी किया।

T-Series Tank Overhaul Project Inaugurated

करीब 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना को भारतीय सेना की क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से जबलपुर और मध्य प्रदेश की रक्षा क्षेत्र में भूमिका और मजबूत होगी तथा आने वाले समय में जबलपुर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रक्षाबंधन उत्सव से एक दिन पहले संस्कारधानी जबलपुर से देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए नए प्रकल्प की शुरुआत हो रही है। टी-सीरीज टैंक के ओवरहॉल प्रोजेक्ट के माध्यम से भारतीय सेना नए दौर में प्रवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर की आर्मर्ड फैक्ट्री ने अपने कार्य के बल पर देशभर में विशेष पहचान बनाई है। भविष्य की चुनौतियों से निपटने और सेना को मजबूत करने के लिए मध्य प्रदेश की विभिन्न फैक्ट्रियों में रक्षा उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में जबलपुर की अलग पहचान है। उन्होंने जबलपुर की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए रानी दुर्गावती और अमर शहीद राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सहित स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया।

औद्योगीकरण से आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बदलाव का दौर जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश को रक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से औद्योगीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। शिक्षा, रोजगार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में मध्य प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश का विदेशी निर्यात 76 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है, जिससे आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने मालनपुर में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से गोदरेज समूह के कारखाने के लोकार्पण का भी उल्लेख किया।

टी-सीरीज टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट क्यों महत्वपूर्ण?

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जबलपुर में टी-सीरीज टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट भारतीय सेना को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान टैंकों की भूमिका आज भी महत्वपूर्ण है और आधुनिक तकनीक के साथ उन्हें लगातार अपग्रेड करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में ड्रोन, मिसाइल और साइबर तकनीक का महत्व बढ़ा है, लेकिन ग्राउंड ऑपरेशन में टैंकों की प्रासंगिकता अभी भी बनी हुई है। टैंक जवानों को जमीनी अभियानों में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और छोटे उद्यमियों को भी नए अवसर मिलेंगे।

मध्य प्रदेश में डिफेंस सेक्टर में बढ़ रहा निवेश

राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार रक्षा मंत्रालय को पूरा सहयोग दे रही है। प्रदेश की पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल नीतियां निवेश को आकर्षित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डिफेंस सेक्टर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और इसमें 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और भविष्य की सोच को दर्शाता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि ये प्रयास मध्य प्रदेश को भविष्य में स्पेस, एयरोस्पेस और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की मजबूत नींव रख रहे हैं।

रक्षा उत्पादन और निर्यात में भारत ने दर्ज की बड़ी प्रगति

रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में भारत के रक्षा क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। वर्ष 2014 में देश का घरेलू रक्षा उत्पादन करीब 46 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

इसी तरह वर्ष 2014 में भारत का रक्षा निर्यात करीब 1,000 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 39 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2030 तक रक्षा निर्यात को 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय सेना को 4,004 टैंक मिले हैं और अब देश की कुल टैंक ओवरहॉल क्षमता बढ़कर प्रतिवर्ष 230 टैंक हो जाएगी।

युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

राजनाथ सिंह ने कहा कि जबलपुर नई तकनीक के साथ डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही तकनीक, अवसर और बेहतर इकोसिस्टम उपलब्ध कराने की है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना है। देश अपने जवानों के लिए हथियार बनाएगा और मौजूदा रक्षा प्रणालियों को लगातार अपग्रेड करेगा। आने वाले समय में भारत डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में दुनिया का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+