कर्नाटक में वृद्ध की मौत, कोरोना वायरस से संक्रमित होने का संदेह
नई दिल्ली। जानलेवा कोरोना वायरस का खतरा लगातार दुनियाभर के तमाम देशों में बढ़ता ही जा रहा है। भारत में भी कोरोना वायरस का खतरा बढ़ रहा है। कर्नाटक के कलबुर्गी में एक संदिग्ध कोरोना वायरस से संक्रमित 76 वर्षीय वृद्ध की मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार वृद्ध की मौत संदिग्ध कोरोना वायरस के संक्रमण से हुई है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जिला मुख्यालय की ओर से जो आधिकारिक जानकारी दी गई है उसके अनुसार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी के तौर पर हुई है, जिनकनी मौत मंगलवार को अस्पताल में हुई है। विभाग की ओर से कहा गया है कि बुजुर्ग के सैंपल को बेंगलुरू की लैब में टेस्ट के लिए भेजा गया है, इसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। गौरतलब है कि सिद्दीकी हाल ही में सऊदी अरब से वापस लौटे हैं, वह यहां हज यात्रा के लिए गए थे।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या भारत में 60 पहुंच चुकी है। हाल ही में दिल्ली और राजस्थान में 1-1 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की जानकारी सामने आई थी। बता दें कि कर्नाटक में चार और महाराष्ट्र में दो मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर और पंजाब में भी एक-एक मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि लोग चीन, इटली, ईरान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान, फ्रांस, स्पेन, जर्मनी की यात्रा करने से बचें। साथ ही मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि गैर जरूरी विदेश यात्रा से बचें।
बुधवार को सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा, कोरोना वायरस (COVID-19) के 10 नए मामलों की पुष्टि हुई है। 8 मामले केरल और 1 राजस्थान और 1 दिल्ली से है। देश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। श्रीलंका में भी कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई है। यहां एक 52 साल के टूर गाइड को वायरस हो गया है। जो इटली के पर्यटकों के संपर्क में आया था।












Click it and Unblock the Notifications