भारतीय होने की वजह से पीटता था पाकिस्तानी पति, सुषमा स्वराज अब बचाएंगी उसकी जान
पाकिस्तान के व्यक्ति से शादी कर पाक में रह रही भारतीय महिला के बचाव में आगे आईं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज। पिता के यू-ट्यूब मैसेज पर दिया उनकी बेटी को बचाने का भरोसा।
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ऑपरेशन के बाद एक बार फिर से सक्रिय हो गई हैं। एक पिता के यू-ट्यूब मैसेज के बाद स्वराज ने उनकी बेटी की जान बचाने का भरोसा दिलाया। इस भारतीय पिता ने अपने संदेश में पाकिस्तान में ब्याही अपनी बेटी की जिंदगी बचाने की गुहार लगाई थी।

भारत वापस आएंगी मोहम्मदीया
यू-ट्यूब पर पिता मोहम्मद अकबर ने एक एसओएस मैसेज पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी बेटी मोहम्मदीया बेगम को पाकिस्तान में उनके पति और ससुराल वाले प्रताड़ित करते हैं। सुषमा ने पिता को भरोसा दिलाया है कि वह उनकी बेटी को सुरक्षित देश वापस लेकर आएंगी। सुषमा ने कहा कि पाक में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से मोहम्मदीया बेगम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारे इंतजाम कर दिए गए हैं। सुषमा ने जानकारी दी है कि भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने मोहम्मदीया बेगम से मुलाकात की है और उन्होंने भारत वापस आने की इच्छा जताई है। हैदराबाद की रहने वाली मोहम्मदीया का पासपोर्ट पिछले वर्ष खत्म हो गया है।
मोहम्मदीया ने की अपनी मां से बात
भारतीय दूतावास को आदेश दिए गए हैं कि मोहम्मदीया का पासपोर्ट रिन्यू किया जाए और उन्हें भारत भेजने के इंतजाम किए जाएं। मोहम्मदीया बेगम ने अपनी मां हजारा बेगम से फोन पर बात की है। उन्होंने अपनी मां को बताया है कि उनका पति मोहम्मद यूनिस ने उन्हें पीटा और जब भारतीय दूतावास के अधिकारी उनसे मिलकर गए तो यूनिस ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था। अपनी मां से बात करते समय मोहम्मदीया बेगम काफी रो रही थीं। वह बता रही थीं कि कैसे उनके पति और ससुरालवाले उनके साथ कितनी मारपीट करते हैं। उनकी मां ने अपनी बेटी को सलाह दी है कि वह भारतीय अधिकारियों की ओर से आने वाली मदद का इंतजार करें और धैर्य रखें।
21 वर्ष में सिर्फ एक बार आईं भारत
हजारा बेगम ने भी बताया है कि उनकी बेटी का पति यूनिस उन्हें गालियां देता है। वह बच्चों को भी उनकी मां से दूर रखता है और कहता है कि उनकी मां हिंदुस्तानी है और सभी हिंदुस्तानी हिंदु होते है। यूनिस ने मोहम्मदीया बेगम को धमकी भी दी कि वह उन्हें जिंदा भारत नहीं जाने देगा। बताया जा रहा है कि उसने एक पाकिस्तानी औरत से दूसरी शादी कर ली है। मोहम्मदीया बेगम और यूनिय के पांच बच्चे हैं तीन बेटे और दो बेटियां। सबसे छोटा बेटा है जो नौ वर्ष का है और उसका जन्म पाकिस्तान में हुआ था जबकि बाकी बच्चों का जन्म मस्कट, ओमान में हुआ था। 16 मार्च को सुषमा ने भारत के राजदूत गौतम बंबावले से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी थी। मोहम्मदीया बेगम के पिता मोहम्मद अकबर एक साइकिल मैकेनिक हैं और उन्होंने अपनी बेटी को वापस लाने के लिए एक ई-मेल भी किया था।
फोन पर हुई थी शादी
मोहम्मद अकबर ने आरोप लगाया है कि यूनिस ने अपनी राष्ट्रीयता छिपाई थी और बताया था कि वह ओमान के नागरिक हैं। वर्ष 1996 में दोनों का निकाह हुआ था और टेलीफोन पर दोनों का निकाह पढ़ा गया था। एक एजेंट की मदद से यह शादी हुई थी। यूनिस मस्कट में एक मैकेनिक है । शादी के 12 वर्ष बाद यूनिस ने अपनी पत्नी को बताया कि वह पाक नागरिक है और उसने अपनी नौकरी छोड़ दी है। मोहम्मदीया बेगम वर्ष 2012 में हैदराबाद आई थीं और शादी के 21 वर्षों में वह पहली बार भारत आई थीं।












Click it and Unblock the Notifications