सुषमा स्वराज ने कहा- मानसरोवर झील में हर जगह नहाने या डुबकी लगाने की अनुमति नहीं
नई दिल्ली। कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कुछ श्रद्धालुओं ने सोमवार को आरोप लगाया कि चीन उन्हें मानसरोवर झील में पवित्र स्नान से रोक रहा है। चीनी प्रशासन ने उन्हें मानसरोवर झील में डुबकी लगाने की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। सुषमा स्वराज से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मुझे इसको लेकर ट्वीट आया है। मानसरोवर झील में डुबकी लगाने के लिए एक तय स्थान है, आप झील में कहीं भी स्नान या फिर डुबकी नहीं लगा सकते हैं।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार को मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर एक बुक रिलीज की। इस मौके पर उनके साथ मंत्री वीके सिंह और एमजे अकबर भी मौजूद थे। इस किताब में भारतीय विदेश मंत्रालय की उपलब्धियों का जिक्र है। बुक रिलीज के बाद सुषमा स्वराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कई मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। इसी दौरान सुषमा स्वराज ने मानसरोवर झील में श्रद्धालुओं को स्नान से रोके जाने पर प्रतिक्रिया दी।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया कि मुझे मानसरोवर यात्रा पर गए एक शख्स का ट्वीट मिला। इसमें उन्होंने बताया कि मानसरोवर झील में उन्हें पवित्र डुबकी लगाने की इजाजत नहीं दी गई। सुषमा स्वराज ने कहा कि ऐसी स्थिति नहीं थी। मानसरोवर झील में स्नान के लिए एक जगह तय है, वहां पर श्रद्धालु स्नान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप नदी में कहीं भी डुबकी नहीं लगा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
