पत्नी के ट्रांसफर को लेकर शख्स ने किया सुषमा स्वराज को ट्वीट, मिला करारा जवाब
पुणे के रहने वाले एक शख्स ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज से अपनी पत्नी के ट्रांसफर को लेकर ट्वीट किया, जिसके बाद सुषमा स्वराज ने उस शख्स को जोरदार जवाब दिया।
नई दिल्ली। केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सोशल साइट ट्विटर पर हमेशा सक्रिय रहती हैं। अकसर इस प्लेटफॉर्म पर उन्होंने लोगों की अपील को सुना और उनकी समस्या को दूर करने की कोशिश भी की है। केंद्रीय मंत्री के इसी रवैये को देखते हुए पुणे के रहने वाले एक शख्स ने उनसे एक गुजारिश की। ट्विटर पर उसने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को बताया कि उनकी पत्नी रेलवे में कार्यरत हैं और उनकी पोस्टिंग झांसी में है। उस शख्स ने केंद्रीय मंत्री से अपनी पत्नी का ट्रांसफर पुणे कराने का अनुरोध किया। इस ट्वीट से सुषमा स्वराज नाराज हो गई। उन्होंने ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि अगर ये पति-पत्नी मेरे मंत्रालय में कार्य कर रहे होते और इस तरह से सोशल नेटवर्किंग साइट पर मुझे ऐसा अनुरोध करते तो मैं उनके पास सस्पेंशन ऑर्डर भिजवा देती।

केंद्रीय मंत्री ने कहा- मैं सस्पेंशन ऑर्डर भिजवा देती
एक अमेरिकी नागरिक ने सुषमा स्वराज के पास अपनी पत्नी के वीजा समस्या को लेकर एक ट्वीट किया था, जिसमें उसने केंद्रीय मंत्री से सहयोग की अपील की थी। उसने लिखा था कि कृपया मेरी पत्नी का पासपोर्ट क्लियर करने में मदद करिए। अमेरिकी पासपोर्ट में कुछ मुद्दों की वजह से उसे पासपोर्ट नहीं मिल रहा है, जिसकी वजह से मैं उसके बिना रहने के लिए मजबूर हूं। इस ट्वीट पर सुषमा स्वराज ने जवाब देते हुए कहा कि ओह, ये वनवास जल्द खत्म हो जाएगा। इसी ट्वीट के बाद पुणे में रहने वाले शख्स स्मित राज ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट करके कहा कि क्या आप भारत में हमारे वनवास को खत्म करने में मदद करेंगी? मेरी पत्नी झांसी रेलवे में कर्मचारी हैं और मैं पुणे में आईटी फर्म में काम कर रहा हूं। हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं।
स्मित राज ने केंद्रीय मंत्री से अपनी पत्नी के ट्रांसफर की अपील की। इसी ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज नाराज हो गई। उन्होंने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि अगर आप या आपकी पत्नी हमारे मंत्रालय में होते और ट्रांसफर का इस तरह से अनुरोध करते तो मैं आपको सस्पेंशन ऑर्डर भेज देती।
इतना ही नहीं उन्होंने इस ट्वीट को केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु को फॉरवर्ड कर दिया। इस पर सुरेश प्रभु ने ट्वीट करके कहा कि धन्यवाद सुषमा स्वराज जी, इस मामले को मेरे सामने लाने के लिए। नीतियों के मुताबिक ट्रांसफर का काम मैं नहीं देखता, रेलवे बोर्ड इस मामले को देखता है। जो जरूरी फैसला होगा वो इस मामले लेंगे।
इसे भी पढ़ें:- जब महिला की फरियाद पर बोलीं सुषमा, मदद नहीं कर पाऊंगी












Click it and Unblock the Notifications