सुषमा स्वराज ने फिर कहा मोसुल में सुरक्षित हैं सभी भारतीय
नई दिल्ली। आईएसआईएस आतंकवादियों द्वारा एक साल से अधिक समय से बंधक बनाए गए सभी 39 भारतीय जीवित हैं। यह बात शुक्रवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पीड़ितों के परिवारों से कही।

कुछ दिनों पहले खबरें आई थी कि इराक के मोसुल में आईएसआईएस ने सभी भारतीय बंधकों को मार डाला है। यह बात आईएसआईएस की कैद से छूट कर भागे एक भारतीय के हवाले से कही गई थी।
पिछले साल जून में मोसुल से इन भारतीयों का अपहरण हो गया था। पीड़ितों के परिवारों से विदेश मंत्री ने आठवीं बार मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर सभी नागरिकों के ठीकठाक होने का भरोसा दिया।
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ परिवारों से मुलाकात कर रहीं सुषमा ने कहा कि सरकार भारतीय श्रमिकों की जल्दी और सुरक्षित रिहाई के लिए समस्त गंभीर प्रयास कर रही है।
सुषमा ने बंधक बनाये गए भारतीयों की सुरक्षित रिहाई में सहायता के लिए पहले खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) और क्षेत्र में अन्य मित्र देशों के अपने समकक्षों से व्यक्तिगत रूप से बात की थी।
मंत्री ने परिवारों को यह आश्वासन भी दिया कि जैसे ही श्रमिकों की कुशलता के बारे में सरकार को कोई ठोस सबूत मिल जाता है, उसे परिवार के सदस्यों के साथ साझा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications