सुशांत सिंह राजपूत के मामा बोले- इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है, न्यायिक जांच हो
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने महज 34 वर्ष की आयु में आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बीच सुशांत के मामा ने उनकी आत्महत्या की न्यायिक जांच की मांग की है। आजतक से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सुशांत कभी ऐसा कदम नहीं उठा सकता है, इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। हालांकि मुंबई पुलिस ने सुशांत की आत्महत्या में किसी भी तरह की साजिश से शुरुआती तौर पर इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि सुशांत पिछले 6 महीने से अवसाद में थे और उनका इलाज चल रहा था। बहरहाल पुलिस सुशांत सिंह के पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। बता दें कि सुशांत मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में रहते थे।

आत्महत्या नहीं कर सकता
बता दें कि सुशांत की आत्महत्या की खबर उनके घर में काम करने वाले नौकर ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार जिस वक्त सुशांत ने आत्महत्या की, उस वक्त उनके दोस्त भी उनके फ्लैट पर मौजूद थे। सुशांत के दोस्त मनोज चंडिला ने सुशांत की आत्महत्या पर कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा है, मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इस वक्त क्या बोलूं। वह बहुत ही खुशमिजाज थे, लोगों के साथ जोक शेयर करते थे, पार्टी करते थे, जिस तरह के वह व्यक्ति थे, मुझे नहीं लगता है कि वह ऐसा कदम उठा सकते हैं।

उम्दा कलाकार
बता दें, सुशांत सिंह राजपूत का जन्म पटना में हुआ था। 2000 के शुरुआत में उनका परिवार दिल्ली में बस गया था। सुशांत ने बतौर बैकअप डांसर करियर शुरू किया था। सुशांत सिंह राजपूत ने बतौर एक्टर अपना करियर टेलीविजन की दुनिया से शुरू किया था। सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत साल 2008 टीवी सीरियल 'किस देश में है मेरा दिल' से की थी। बीते सालों में डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, काई पो चे और छिछोरे जैसे कुछ फिल्मों में लीड भूमिका निभाई।

धोनी के रोल ने बनाया लोकप्रिय
एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी फिल्म सुशांत सिंह राजपूत के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। बता दें, सुशांत ने साल 2013 में फिल्म 'काय पो छे!' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में सुशांत की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई थी। सुशांत की दूसरी फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' थी। इस फिल्म में उन्होंने एक रोमांटिक लड़के का किरदार प्ले किया था।












Click it and Unblock the Notifications