UGC New Bill 2026 पर SC की ब्रेक! जानिए कौन सी हैं वो दलीलें जिनसे कोर्ट हुआ सहमत
Supreme Court Stays UGC New Bill 2026: उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को रोकने के लिए लाए गए UGC Bill 2026 पर अब शीर्ष अदालत ने ब्रेक लगा दिया है। अदालत ने यह फैसला उन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया, जिनमें 2026 के नियमों को गैर-समावेशी, मनमाना और संविधान के मूल अधिकारों का उल्लंघन करने वाला बताया गया था।
कोर्ट ने इन नियमों के प्रवर्तन (Enforcement) पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस मामले की संवैधानिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक शिक्षण संस्थानों में 2012 के पुराने दिशा-निर्देश ही लागू रहेंगे।

विस्तार से जानते हैं कि कोर्ट में दोनों पक्षों की ओर से क्या-क्या दलीलें पेश कि गईं, कोर्ट ने क्या कहा...
UGC New Bill 2026 Key Arguments: किन दलीलों ने बदला पासा?
अधिवक्ता विनीत जिंदल और राहुल दीवान द्वारा दायर याचिकाओं में 2026 के नियमों को "मनमाना" करार दिया गया। कोर्ट में दी गई मुख्य दलीलें इस प्रकार थीं:
- सुरक्षा का अधिकार केवल एक वर्ग को क्यों?
याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि भेदभाव की परिभाषा को केवल SC/ST/OBC तक सीमित करना गलत है। सामान्य श्रेणी के छात्र भी जातिगत शत्रुता या दुर्व्यवहार का शिकार हो सकते हैं, जिन्हें इस कानून ने सुरक्षा से वंचित कर दिया है।
- अनुच्छेद 14 और 15 का उल्लंघन:
दलील दी गई कि यह कानून एक "प्रतिकूल वर्गीकरण" (Hostile Classification) पैदा करता है, जो संविधान प्रदत्त समानता के अधिकार के विरुद्ध है।
- रिवर्स डिस्क्रिमिनेशन (विपरीत भेदभाव):
याचिकाओं में कहा गया कि यह कानून इस एकतरफा धारणा पर टिका है कि भेदभाव केवल एक ही दिशा में होता है, जबकि सवर्ण छात्रों के साथ होने वाले उत्पीड़न की संभावना को पूरी तरह अनदेखा किया गया है।
What was Stance Of Government And UGC? सरकार और UGC का क्या था पक्ष?
वहीं, भारत सरकार और यूजीसी ने अदालत में 2026 के नियमों का बचाव करते हुए कहा कि ये विनियम ऐतिहासिक रूप से हाशिए पर रहे समुदायों की जमीनी सच्चाइयों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। सरकार ने दलील दी कि यह कदमरोहित वेमुला और पायल तड़वी की माताओं द्वारा दायर एक पुरानी जनहित याचिका (PIL) के संदर्भ में उठाया गया था।
उन मामलों ने यह उजागर किया था कि संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव के कारण छात्रों को गंभीर मानसिक और सामाजिक पीड़ा झेलनी पड़ी। सरकार के अनुसार, 2026 के नियम सलाहात्मक नहीं बल्कि बाध्यकारी (enforceable) व्यवस्था लाने के उद्देश्य से तैयार किए गए थे, ताकि संस्थानों को जवाबदेह बनाया जा सके।
SC की तल्ख टिप्पणी: "हम जानते हैं क्या हो रहा है"
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए कहा, "हम जानते हैं कि क्या हो रहा है।" पीठ ने माना कि सुरक्षा का ऐसा कोई 'पदानुक्रम' (Hierarchy) नहीं बनाया जा सकता जो छात्र आबादी के किसी भी एक वर्ग को सुरक्षा तंत्र से बाहर कर दे। कोर्ट ने रेगुलेशन 3(c) की संकीर्णता को न्यायिक जांच का विषय माना।
पीठ ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि 2012 के सलाहकार ढांचे से 2026 के अनिवार्य ढांचे की ओर बढ़ते समय ऐसा कोई "सुरक्षा का पदानुक्रम" (Hierarchy of Protection) नहीं बनना चाहिए, जिससे छात्र आबादी का कोई भी वर्ग संस्थागत सुरक्षा से बाहर हो जाए।
सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश: क्या तय हुआ?
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में चार अहम निर्देश दिए-
1. यूजीसी के 2026 के भेदभाव विरोधी विनियमों के प्रवर्तन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।
2.अंतरिम अवधि में 2012 के यूजीसी विनियम ही देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू रहेंगे।
3. अदालत अब विस्तार से यह जांच करेगी कि 2026 के नियमों में जाति-आधारित भेदभाव की परिभाषा संवैधानिक रूप से सही है या नहीं।
4. कोर्ट ने संकेत दिया कि EOC, और हेल्पलाइन जैसे संस्थागत उपाय कास्ट न्यूट्रल तरीके से सभी छात्रों और कर्मचारियों के लिए सुलभ होने चाहिए।
क्यों अहम है यह फैसला?
यह फैसला सिर्फ यूजीसी के नियमों पर नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा में समानता, न्याय और समावेशिता की दिशा पर गहरा असर डाल सकता है। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला उन छात्रों के लिए एक बड़ी जीत माना जा रहा है जो इस बिल को 'एकतरफा' मान रहे थे।
अब गेंद फिर से यूजीसी के पाले में है कि वह इस कानून को और अधिक 'समावेशी' कैसे बनाती है ताकि किसी भी वर्ग का छात्र खुद को असुरक्षित महसूस न करे। अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि क्या 2026 के नियमों में संशोधन होगा या उन्हें पूरी तरह नए सिरे से परिभाषित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications