NDPS एक्ट मामले में अग्रिम जमानत देना 'बहुत गंभीर' मुद्दा, ऐसा पहले नहीं हुआ: सुप्रीम कोर्ट
supreme court News: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार 19 सितंबर को कहा कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज मामले में अग्रिम जमानत देना एक "बहुत गंभीर" मुद्दा है। ये ऐसा मामला है, जो पहले कभी नहीं सुना गया है।
न्यायमूर्ति बी आर गवई की अध्यक्षता वाली पीठ और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और के वी विश्वनाथन ने पश्चिम बंगाल में एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत कथित अपराधों के लिए दर्ज एक मामले में नियमित जमानत की मांग करने वाले एक आरोपी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रहे थे। उस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा बयान दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को भेजा नोटिस
पीठ ने पश्चिम बंगाल सरकार को इस बात पर विचार करने का निर्देश दिया कि क्या राज्य एक मामले में चार आरोपियों को दी गई अग्रिम जमानत को रद्द करने के लिए आवेदन दायर करने का प्रस्ताव रखता है। इसने आरोपियों की जमानत याचिका पर पश्चिम बंगाल राज्य को नोटिस जारी किया है। याचिकाकर्ता के वकील ने पीठ को बताया कि मामले के छह आरोपियों में से चार को गिरफ्तारी से पहले जमानत दी गई थी जबकि उनमें से एक नियमित जमानत पर था।
पीठ ने हैरानी जताते हुए कहा कि, एनडीपीएस मामले में, अग्रिम जमानत के बारे में कभी नहीं सुना गया है। अदालत ने कहा, "हम याचिका पर नोटिस जारी कर सकते हैं और राज्य को सह-आरोपी को दी गई अग्रिम जमानत रद्द करने के लिए आवेदन दायर करने का निर्देश दे सकते हैं।"
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "एनडीपीएस मामले में अग्रिम जमानत देना बहुत गंभीर मुद्दा है। इसलिए, हम राज्य को यह विचार करने का निर्देश देते हैं कि क्या वह सह-आरोपी को दी गई अग्रिम जमानत रद्द करने के लिए आवेदन दायर करने का प्रस्ताव रखती है।"
याचिका में आरोपी ने अक्टूबर 2023 में दर्ज मामले में नियमित जमानत की मांग करने वाले उसके आवेदन को खारिज करने वाले कलकत्ता उच्च न्यायालय के इस साल जुलाई के आदेश को चुनौती दी थी।
उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था, "एफएसएल को भेजे गए नमूनों का परीक्षण सकारात्मक आया है, जो दर्शाता है कि याचिकाकर्ता से जब्त की गई सामग्री प्रतिबंधित है।"












Click it and Unblock the Notifications