सीबीआई विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने राकेश अस्थाना की याचिका पर क्या कहा? जानिए
नई दिल्ली। सीबीआई में मचे घमासान के बीच आज छुट्टी पर भेजे जाने के फैसले के खिलाफ सीबीआई डायरेक्टर आलोक वर्मा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सीबीआई के नंबर दो अधिकारी राकेश अस्थाना के वकील मुकुल रोहतगी के कोर्ट को बताया कि उनकी तरफ से भी इस आदेश के खिलाफ याचिका दायर की गई है, जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने राकेश अस्थाना से पूछा कि फैसले के खिलाफ याचिका देने में इतनी देर क्यों लगाई? कोर्ट ने कहा कि उनकी याचिका पर आज सुनवाई नहीं होनी है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में आपने आज ही सुबह याचिका दायर की है, आपने बस मिस कर दी है। सीजेआई रंजन गोगोई की अध्यक्षता में सुनवाई कर रही बेंच ने मुकुल रोहतगी से कहा कि जिन याचिकाओं पर आज सुनवाई होनी हैं, उनमें सीबीआई के स्पेशल डायरेक्टर की याचिका शामिल नहीं है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में आज आलोक वर्मा की याचिका पर सुनवाई हुई।
आज सुबह वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने छुट्टी पर भेजे जाने के फैसले के खिलाफ राकेश अस्थाना की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इसके पहले, आज ही सुबह मुकुल रोहतगी के आवास पर राकेश अस्थाना ने मुलाकात की थी। बता दें कि सीबीआई के दो वरिष्ठ अफसरों के बीच तलवारें खिंची हैं और दोनों ने ही एक-दूसरे पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए हैं। अब इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज एके पटनायक की निगरानी में सीवीसी द्वारा की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications