MP: मुरैना में सुखोई और मिराज विमान क्रैश, दो पायलट सुरक्षित, तीसरे की हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक साथ दो विमान क्रैश हो गए। जिसमें तीन पायलट सवार थे। मुरैना डीएम के मुताबिक दो को बचा लिया गया है।

मध्य प्रदेश के मुरैना में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां भारतीय वायुसेना का एक सुखोई-30 और एक मिराज 2000 विमान क्रैश हो गया। दोनों विमान अलग-अलग क्रैश हुए या उनमें टक्कर हुई, इसकी जांच की जा रही है। हालांकि दोनों विमानों ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी, जहां पर एक्सरसाइज चल रही है।
मामले में भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि दो लड़ाकू विमान शनिवार सुबह ग्वालियर के पास (मुरैना में) दुर्घटनाग्रस्त हो गए। विमान नियमित परिचालन उड़ान प्रशिक्षण मिशन पर थे। इसमें शामिल 3 पायलटों में से एक को घातक चोटें आईं हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं एसपी मुरैना ने कहा कि स्थानीय लोगों ने विमान को गिरते देखा था, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। दो पायलट पूरी तरह सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए गए हैं, जबकि एक पायलट के शरीर का अवशेष मिला है। एसपी के मुताबिक भरतपुर में भी विमान का कुछ हिस्सा मिला है, जिसके बारे में पता किया जा रहा।
कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक टक्कर की पुष्टि के लिए वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। दुर्घटना के वक्त सुखोई-30 में दो पायलट सवार थे, दोनों ने इजेक्ट कर लिया और सुरक्षित हैं।
रक्षामंत्री ने सीडीएस से ली जानकारी
वहीं घटना पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घटना के तुरंत बाद सीडीएस जनरल अनिल चौहान और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी से पूरी जानकारी ली। साथ ही घायल पायलट को जरूरी इलाज मुहैया करवाने के निर्देश दिए।
Recommended Video
सीएम ने ट्वीट कर कही ये बात
वहीं घटना को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि मुरैना के कोलारस के पास वायुसेना के सुखोई-30 और मिराज-2000 विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैंने स्थानीय प्रशासन को त्वरित बचाव एवं राहत कार्य में वायुसेना के सहयोग के निर्देश दिए हैं। विमानों के पायलट के सुरक्षित होने की ईश्वर से कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications