MEA: सूडान संकट पर विदेश मंत्रालय ने दी एक-एक रिपोर्ट, बताया- भारतीय नागरिकों की सुरक्षा कैसे की जाएगी
MEA Arindam Bagchi:सूडान में चल रहे संघर्ष के बीच अब भारतीय विदेश मंत्रालय ने ताजा हालात की जानकारी दी है और बताया कि कैसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

MEA on Sudan Crisis: सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच पिछले छह दिनों से लगातार जंग जारी है। इस हिंसा में अब तक 200 लोगों की मौत हो चुकी है। सूडान में चल रहे गृहयुद्ध के बीच चार हजार भारतीय भी फंस गए हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि भारतीयों के पास खाने-पीने का सामान भी नहीं बचा है। वहीं अब इस मामले पर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है और बताया कि कैसे इस संकट से निपटने की तैयारी की जा रही है। इस मामले पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची(Arindam Bagchi) ने प्रेस वार्ता कर सवालों का जवाब दिया है।
सूडान संकट पर विदेश मंत्रालय का जवाब
सूडान संकट (Sudan Crisis) पर जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) ने कहा कि जमीन पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। हमारा ध्यान व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। हम विभिन्न माध्यमों से लोगों के संपर्क में हैं। खार्तूम में भारतीय दूतावास खुला है, काम कर रहा है और अलग-अलग स्थानों से काम कर रहे अधिकारियों के साथ सभी सेवाएं प्रदान कर रहा है। दूतावास की इमारत के अंदर अभी कोई नहीं है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर न्यूयॉर्क में हैं और सूडान संकट पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव के साथ बैठक करेंगे।
पाकिस्तान पर भी दिया जवाब
मई के महीने में गोवा में एससीओ एफएम की बैठक में पाकिस्तान की भागीदारी पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) ने कहा कि किसी विशेष सदस्य पर ध्यान केंद्रित करना उचित नहीं होगा।
सूडान में क्यो हो रही लड़ाई
सूडान की ये लड़ाई सेना और अर्धसैनिक बल (RSF) के बीच हो रही है, जिसने साथ मिलकर साल 2019 में राष्ट्रपति उमर अल-बशीर की सरकार का तख्तापलट किया था। लेकिन, अब दोनों के बीच इसलिए संघर्ष शुरू हो गया है, क्योंकि ये दोनों अब सत्ता पर अपना-अपना नियंत्रण चाहती हैं। दोनों को ये लगता है, कि जो भी सत्ता से दूर होगा, उसका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। लिहाजा, पिछले कई महीनों से दोनों के बीच भारी तनाव था, जो अब संघर्ष में बदल गया है।
चश्मदीदों ने दी स्थिति की जानकारी
राजधानी खार्तूम में चश्मदीदों ने कहा है, कि घनी आबादी वाले उत्तरी और दक्षिणी उपनगरों के आकाश में कई भीषण रॉकेट विस्फोट हुए हैं। वहीं, राजधानी में जहां-तहां गोलीबारी हो रही है। वहीं, राजधानी की सड़कों पर टैंक उतर चुके हैं, जबकि आसमान में फाइटर जेट्स लगातार गरज रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications