Bengaluru में फिर सुनाई दी तेज धमाके वाली अजीब आवाज, Twitter पर लगीं अटकलें
बेंगलुरू, 26 नवंबर। एक बार फिर से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में एक तेज धमाके वाली आवाज सुनाई दी है,जिसने लोगों के बीच खलबली पैदा कर दी है। शहर के कई निवासियों ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि 'उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। लोगों के मुताबिक ये तेज आवाज शुक्रवार दोपहर करीब 12.15 बजे सुनी गई।' लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि ' अभी-अभी बेंगलुरु में तेज धमाके की आवाज सुनी, दरवाजे और खिड़कियों में कंपन होने लगा, हम डर गए।'

लोगों के ट्वीट के मुताबिक राजराजेश्वरी नगर, नागासांद्रा, बनशंकरी, विजयनगर और अन्य क्षेत्रों में ये तेज आवाज सुनी गई है, इस तेज आवाज के बाद सुरक्षा एंजेंसियां और पुलिस सतर्क हो गई है। लोगों ने ट्वीट किया है कि 'बेंगलुरु में खिड़कियों की खड़खड़ाहट के साथ फिर से तेज आवाज सुनाई दी। इस बार क्या हुआ? Sonic boom ? भूकंप ? खदान विस्फोट? तो वहीं कुछ लोगों ने लिखा है कि 'उन लोगों ने आवाज सुनने के साथ-साथ हल्के झटके भी महसूस किए हैं।'
जुलाई में भी सुनाई दी थी आवाज
वैसे यह कोई पहली बार नहीं है, जब इस तरह की घटना शहर में घटी है। इससे पहले इसी साल की जुलाई महीने में बेंगलुरु के सरजापुर, जेपी नगर, बेन्सन टाउन, उल्सूर, इसरो ले आउट और एचएसआर लेआउट के क्षेत्रों के कई निवासियों ने कहा था कि उन्होंने बहुत तेज से अजीब सी आवाज सुनाई दी । कुछ निवासियों ने यह भी कहा था कि जब आवाज आ रही थीं तो उनकी खिड़कियां हिलने लगी थीं।
जबकि ऐसी अटकलें थीं कि यह आवाज शहर के ऊपर से उड़ान भरने वाले लड़ाकू जेट द्वारा उत्पन्न 'सोनिक बूम' हो सकती है, जिस पर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने कहा था कि 'किसी भी फ्लाइट ने शोर नहीं मचाया, वो इस आवाज के बारे में नहीं जानते हैं।' वो आवाज कुक टाउन, विवेक नगर, राममूर्ति नगर, होसुर रोड, एचएएल, ओल्ड मद्रास रोड, उल्सूर, कुंदनहल्ली, कम्मनहल्ली, सीवी रमन नगर, व्हाइटफील्ड और एचएसआर लेआउट जैसे क्षेत्रों में सुनी गई थीं।
तो वहीं कुछ लोगों का अंदाजा था कि यह एक खदान विस्फोट था, हालांकि इस बारे में अधिकारिक तौर पर कुछ कहा नहीं गया था। आज एक बार फिर से शहर में अजीब सी आवाज सुनी गई है, जिसकी वजह से थोड़ी खलबली जरूर मच गई है और अटकलों का बाजार जोर-शोर से गर्म है।












Click it and Unblock the Notifications