Chhattisgarh News: महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए बजट में विशेष प्रावधान, महतारी वंदन योजना हेतु 8200 करोड़ रुपये
राज्य सरकार महिला और बाल विकास के लिए महत्वपूर्ण धन आवंटित करती है, पोषण, सुरक्षा और सशक्तिकरण कार्यक्रमों को निधि देती है। प्रमुख उपायों में महतारी वंदन के लिए 8,200 करोड़ रुपये, आंगनवाड़ी संचालन, पीएम मातृ वंदन और लड़कियों के लिए वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक नई रानी दुर्गावती योजना शामिल है।
राज्य सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए बजट में विशेष प्रावधान करते हुए विभिन्न योजनाओं के लिए बड़ी राशि का आवंटन किया है। महिलाओं और बच्चों के पोषण, सुरक्षा और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को वित्तीय मजबूती दी गई है।

बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही 250 महतारी सदनों के निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
आंगनबाड़ी संचालन और पोषण योजनाएं
प्रदेश की आंगनबाड़ियों के संचालन के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें से पूरक पोषण आहार योजना के लिए 650 करोड़ रुपये तथा कुपोषण मुक्ति योजनाओं के लिए 235 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में 250 और ग्रामीण क्षेत्रों में अभिसरण के माध्यम से 500 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को मजबूती
प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना के तहत 120 करोड़ रुपये और मिशन वात्सल्य योजना के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रमों को और सशक्त किया जा सके।
नई पहल: रानी दुर्गावती योजना
बजट में एक नई योजना ‘रानी दुर्गावती योजना’ शुरू करने की घोषणा की गई है। इसके तहत बालिका के जन्म पर उसे गरिमामयी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। योजना के अनुसार, बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने पर उसे 1.5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इस योजना के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि इन प्रावधानों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास को गति मिलेगी और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत आधार मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications