नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण के लिए दिल्ली पहुंचे महिंदा राजपक्षे

राजपक्षे के शपथ ग्रहण में आने को लेकर काफी हंगामा मचा हुआ है। राजपक्षे को भेजे गए निमंत्रण की वजह से तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता, एनडीए में शामिल घटक दल एमडीएमडीके के वाइको और सुपरस्टार रजनीकांत ने शपथ ग्रहण में शामिल न होने का फैसला किया है।
वहीं राजपक्षे के इस एक दिवसीय दौरे को लेकर तमिलनाडु में विरोध प्रदर्शन जारी है। वाइको और जयललिता की ओर से विरोध दर्ज कराए जाने के बाद अब वहां के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। तमिलनाडु के स्टूडेंट्स फेडरेशन फॉर फ्री इलम की ओर से राजपक्षे का विरोध शुरू कर दिया गया है।
इस फेडरेशन के कोऑर्डिनेटर वी प्रभाकरन ने कहा है कि श्रीलंका नरसंहार करने वाला एक देश है। इस देश के राष्ट्रपति ने दो लाख से भी ज्यादा तमिलों की हत्या की है। हम नहीं चाहते कि वह मोदी के शपथ ग्रहण का हिस्सा बने और आतंरिक जांच के साथ किसी तरह का कोई समझौता किया जाए।
एमडीएमके की ओर से काले झंडों के साथ जंतर-मंतर पर शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने की योजना बनाई गई है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि श्रीलंका को शामिल किए बिना किसी भी तरह के मुद्दे का हल नहीं निकाला जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications