जब सुमित्रा महाजन ने राहुल गांधी को समझाए सदन के नियम
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राफेल डील को लेकर काफी हंगामा हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर डील में घपले का आरोप लगाया तो बीजेपी के कई मंत्रियों ने राहुल गांधी पर पलटवार किया। इस दौरान लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन कई मौकों पर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर करती दिखाई दीं। बार-बार बोलने के बाद उन्होंने राहुल गांधी को समझाया कि सदन की कार्यवाही के दौरान किसका नाम लिया जा सकता है और किसका नहीं।

स्पीकर ने राहुल को समझाया सदन के नियम
दरअसल, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमन राफेल पर राहुल के आरोपों का जवाब दे रही थी। उन्होंने इस दौरान कई बार राहुल गांधी का नाम लिया। केंद्रीय मंत्री के पलटवार पर राहुल गांधी ने स्पीकर से सवाल किया कि, रक्षामंत्री उनका नाम बार-बार ले रही हैं, इसलिए उन्हें भी बोलने का मौका दिया जाए। राहुल गांधी ने कहा, 'आपने कल मुझे अनिल अंबानी का नाम लेने से मना कर दिया था लेकिन आज रक्षामंत्री मेरा नाम ले रही हैं।'

'सदन में मौजूद सदस्यों का ले सकते हैं नाम'
इस पर सुमित्रा महाजन ने कहा कि रक्षामंत्री का वक्तव्य समाप्त होने के बाद उनको बोलने का मौका मिलेगा, सदन में मौजूद सदस्य का नाम वो ले सकती हैं। उन्होंने कहा, 'अनिल अंबानी सदन में नहीं हैंं और वे यहां जवाब नहीं दे सकते हैं, इसके लिए उनका नाम लेने से मना किया था।' लेकिन राहुल गांधी बार-बार अपनी बात दोहराते रहे। इसपर सुमित्रा महाजन ने कहा, 'आप बैठिए ना, समझते तो हो नहीं , मैं क्या बोल रही हूं।'

'आप बैठिए ना, समझते तो हो नहीं, मैं क्या बोल रही हूं'
सुमित्रा महाजन ने राहुल को बताया कि जो सदन में मौजूद हैं, उनका नाम वे ले सकती हैं। आपका नाम उन्होंने लिया है तो जवाब देने के लिए आपको 2 मिनट का मौका दिया जाएगा। आप उस वक्त जवाब दे सकते हैं। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी से बैठने को कहा ताकि सदन की कार्यवाही बाधित ना हो।












Click it and Unblock the Notifications