दिल्ली में 'आप' और बीएसपी को समाजवादी पार्टी के समर्थन का मतलब?
नई दिल्ली- समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की है। एसपी (SP) खुद दिल्ली में चुनाव नहीं लड़ रही है। यूपी के बाहर बीएसपी को समर्थन देकर समाजवादी पार्टी ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

5 पर बसपा और 2 पर 'आप' को समर्थन
समाजवादी पार्टी (SP) के फैसले के मुताबिक वह दिल्ली की 7 में से 5 सीटों पर बीएसपी (BSP) और 2 सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशियों का समर्थन करेगी। एसपी (SP) के महासचिव आर एस यादव के मुताबिक ये फैसला पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने किया है।

दो सीटों पर नहीं लड़ रही है बीएसपी
समाजवादी पार्टी ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली और चांदनी चौक में बीएसपी (BSP) को समर्थन देगी। जबकि, नई दिल्ली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) को सपोर्ट करेगी। गौरतलब है कि बीएसपी (BSP) ने नई दिल्ली और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। यानी आम आदमी पार्टी को इन दोनों सीटों पर बीएसपी के चुनाव नहीं लड़ने का फायदा मिला है।

पूर्वांचल के वोटरों पर नजर?
दिल्ली में समाजवादी पार्टी (SP) का खुद कोई खास सियासी वजूद नहीं है, फिर भी पार्टी का यहां यूपी की सहयोगी बीएसपी (BSP) के लिए समर्थन की घोषणा करना बड़ा राजनीतिक संकेत देता है। क्योंकि, दिल्ली की लगभग सभी सीटों पर पूर्वांचल के मतदाताओं की अच्छी-खासी तादाद है, ऐसे में सपा का यह फैसला पूर्वी यूपी की सीटों के लिए भी एक बड़ा संदेश हो सकता है, जहां अभी भी 26 सीटों पर मतदान होना बाकी है। दिल्ली की सभी 7 सीटों पर 12 मई को मतदान होना है।












Click it and Unblock the Notifications