सावधान! आपके कुत्ते ने खुले में शौच किया तो देना होगा 500 रुपये का जुर्माना
नई दिल्लीः अगर आप साउथ दिल्ली में रहते हैं और आपने घर में कुत्ता पाल रखा है तो आपको थोड़ा सावधान होने की जरुरत है। अक्सर लोग कुत्तों को शौच कराने बाहर ले जाते हैं। लेकिन अगर अब आपने ऐसा किया तो आपको 500 रुपये का जुर्माना देना पड़ सकता है।

शुक्रवार को पारित किया गया प्रस्ताव
शुक्रवार को साउथ दिल्ली एमसीडी के सदन ने उस प्रस्ताव को पारित कर दिया है जिसमें पालतू जानवर(कुत्ते आदि) के खुले में शौच करने पर मालिक से 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान था। शुक्रवार को सदन में इसको लेकर काफी चर्चा चली थी।

खुले में शौच करने पर जताई चिंता
इस प्रस्ताव को साउथ एमसीडी की स्वास्थ्य समिति ने बनाया था। बैठक में सभी ने पालतू पशुओं के खुले में शौच करने पर चिंता जताई। कहा गया कि लोग कुत्तों के अलावा अन्य पशुओं को भी पालतू बनाकर अपने घरों में रखते हैं और शौच के लिए बाहर खुले में ले जाते हैं।

मेयर ने दिया कार्रवाई का भरोसा
शौच कराने के बाद पशुओं का मल वहीं बिखरा रहता है, जिससे कई तरह की बीमारियां फैलती हैं। ये स्वास्थ्य के साथ-साथ वातावरण के लिए भी अच्छा नहीं है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ती है। साउथ दिल्ली के सदन में खुले में शौच कराने पर अंकुश लगाने की बात कही गई। सदन में हुई चर्चा के बाद साउथ दिल्ली की मेयर कमलजीत सहरावत का कहना था कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई किए जाने की आवश्यता है।

500 रुपये का लगेगा जुर्माना
मेयर ने आगे कहा कि इसलिए पालतू जानवरों को खुले में शौच कराने वालों से 500 रुपये जुर्माना वसूलने के प्रावधान को मंजूरी दी जाती है। उनका कहना था कि दिल्ली देश की राजधानी है और इतने बड़े महानगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ही पालतू पशुओं को खुले में शौच कराने से रोकने के लिए जुर्माना लगाना जरुरी था। मेयर ने लोगों ने अपील भी की है कि वो खुले में पालतू जानवरों से शौच ना कराएं।












Click it and Unblock the Notifications