'गले में खराश है... यह ओमिक्रॉन हो सकता है', जानिए डेल्टा वेरिएंट से कितने अलग हैं इसके लक्षण
नई दिल्ली, 21 दिसम्बर। हाल ही में पता चले कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने पूरी दुनिया में दहशत फैला रखी है। जिस तेजी से दुनिया के अनेक हिस्सों में यह वेरिएंट फैल रहा है उसने विशेषज्ञों का चिंता में डाल दिया है। ओमिक्रॉन को लेकर वैज्ञानिक लगातार अध्ययन कर रहे हैं। इसी तरह से दक्षिण अफ्रीका में किए गए एक अध्ययन में ओमिक्रॉन वेरिएंट के लक्षण के बारे में पता चला है।

गले में खराश होना इसका प्रमुख लक्षण
रिसर्च में वैज्ञानिकों ने पाया है कि ओमिक्रॉन के रोगियों में एक सामान्य लक्षण गले में खराश का होना है।
दक्षिण अफ्रीका स्थित डिस्कवरी हेल्थ के सीईओ डॉ रयान नोच ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि डॉक्टरों ने ओमिक्रॉन रोगियों में लक्षणों के कुछ अलग सेट को नोट किया है। इसमें सबसे आम शुरुआती लक्षण में गले में खराश और नाक बंद होना है।

सिरदर्द और थकान वाले रोगियों में भी मिला ओमिक्रॉन
वहीं ब्रिटेन में सिरदर्द और थकान के लक्षण वाले रोगियों में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। 3 दिसम्बर से 10 दिसम्बर के बीच किए गए अध्ययन में पता चला है कि सर्दी जैसे लक्षण ओमिक्रॉन के मुख्य लक्षण में शामिल है।
अध्ययन में जो लक्षण बताए गए हैं उनमें नाक बहना, सिरदर्द, हल्की या गंभीर थकान, छींकना और गले में खराश होना शामिल है।

डेल्टा से अधिक संक्रामक
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमिक्रॉन को लेकर की गई ताजा ब्रीफिंग में बताया कि इस बात के लगातार सबूत मिल रहे हैं यह डेल्टा के मुकाबले तेजी से संचरित हो रहा है। जिन देशों में कम्युनिटी संक्रमण की स्थिति बनी है वहां पर यह डेल्टा की तुलना में तेजी से फैल रहा है। डब्लयूएचओ ने बताया है कि ओमिक्रॉन का संक्रमण डेढ़ दिन में दोगुना बढ़ रहा है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि ओमिक्रॉन उन देशों में तेजी से फैल रहा है जहां पर बड़ी आबादी में इम्यूनिटी विकसित हो गई थी ऐसे में इसकी अनिश्चितता ज्यादा हो गई है। स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया वर्तमान में जो आंकड़े उपलब्ध हैं उन्हें देखते हुए यह संभावना है कि कम्युनिट्री ट्रांसफर की स्थिति में ओमिक्रॉन वेरिएंट डेल्टा से आगे निकल जाएगा।

डेल्टा से अलग हैं इसके लक्षण
नए म्यूटेशन को लेकर किए गए अध्ययन के प्रारंभिक आंकड़ों से पता चला है कि ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीज में होने वाले लक्षण डेल्टा वेरिएंट के लक्षणों से अलग होते हैं। ओमिक्रॉन में सर्दी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं जबकि डेल्टा से संक्रमित रोगियों में बुखार, लगातार खांसी, थकान, गंध और स्वाद का अनुभव न होना जैसे लक्षण प्रमुख हैं।












Click it and Unblock the Notifications