रायबरेली: पहले 'मां अपराजिता' की पूजा, फिर रोड शो और उसके बाद पर्चा दाखिल करेंगी सोनिया गांधी
नई दिल्ली। यूपीए की चेयरपर्सन और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को रायबरेली लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन दाखिल करने से पहले सोनिया गांधी रोड शो भी करेंगी। खबर के मुताबिक, सोनिया गांधी मां अपराजिता देवी की पूजा-अर्चना के बाद नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट जाएंगी। इस दौरान परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 6 मई को रायबरेली लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा। रायबरेली में सोनिया गांधी और दिनेश प्रताप सिंह के बीच सीधी टक्कर होगी। दिनेश प्रताप सिंह ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से 5वीं बार मैदान में हैं।
सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट पर 2004, 2006 (उपचुनाव), 2009 और 2014 में विजयी हुई थीं। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के महागठबंधन ने कांग्रेस के इस गढ़ में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। ऐसे में यहां मुकाबला सीधे तौर पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच होगा। बुधवार को राहुल गांधी के नामांकन के बाद सोनिया गांधी भुएमऊ स्थित गेस्ट हाउस पहुंची थीं। उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, राबर्ट वाड्रा, उनके बेटे रेहान व बेटी मिराया भी गेस्ट हाउस पहुंचे थे। खबर के मुताबिक, सोनिया गांंधी के नामांकन में ये सभी लोग मौजूद रहेंगे।
नामांकन से पहले होगा सोनिया गांधी का रोड शो
सोनिया गांधी के नामांकन के लिए कांग्रेस ने पूरी तैयारी की है। जबकि सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं। बता दें कि अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने 2 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया था। इस दौरान गांधी परिवार के तमाम सदस्य मौजूद रहे थे। गुरुवार को सोनिया गांधी के रोड शो में भी गांधी परिवार के सभी सदस्य दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications