राहुल गांधी से क्यों गुस्सा हुईं सोनम वांगचुक की पत्नी? PMO के बाहर धरने पर जो कहा,वो कांग्रेस को करेगा परेशान
Sonam Wangchuk Wife On Rahul Gandhi: NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस बार निशाने पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनका समर्थन सचमुच छात्रों के लिए था, तो उन्हें जंतर-मंतर पर जाकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ बैठना चाहिए था।
उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है। इंडिया टुडे टीवी को दिए इंटरव्यू में गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि वह हर उस व्यक्ति और राजनीतिक दल के साथ हैं जो देश के बेहतर भविष्य और छात्रों के हित की बात करता है। लेकिन उन्होंने राहुल गांधी के पीएम आवास के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े किए।

राहुल गांधी जंतर-मंतर क्यों नहीं आए? सोनम वांगचुक की पत्नी
उन्होंने कहा,"अगर इस मुद्दे पर ईमानदारी से साथ देना था, तो जंतर-मंतर पर छात्रों के बीच आना चाहिए था। लोगों को अब बहलाया नहीं जा सकता। देश जाग चुका है। इस लड़ाई में सच्ची नीयत दिखनी चाहिए, सिर्फ प्रतीकात्मक कदम नहीं।" उनके इस बयान को राहुल गांधी के प्रदर्शन पर सीधी टिप्पणी माना जा रहा है।
AAP ने भी राहुल के प्रदर्शन पर साधा निशाना
गीतांजलि आंग्मो का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने भी इसे सोशल मीडिया पर साझा किया। पार्टी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुआ प्रदर्शन सिर्फ दिखावे का कदम था। AAP ने कहा कि अगर राहुल गांधी की प्राथमिकता सचमुच छात्र होते, तो उन्हें जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में शामिल होना चाहिए था।
पार्टी ने दावा किया कि जनता अब सिर्फ राजनीतिक संदेशों से प्रभावित होने वाली नहीं है और उसे नीयत और काम दोनों चाहिए।
नड्डा ने भी विपक्ष को घेरा
बुधवार (22 जुलाई) रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए।
जेपी नड्डा ने कहा,"पेपर लीक छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है। इसकी जांच होगी और सरकार हर सवाल का जवाब देगी। लेकिन इस मुद्दे पर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने कई पेपर लीक मामलों का जिक्र किया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारों के दौरान हुई घटनाओं पर चुप्पी साध ली।
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार पूरे मामले की जांच करा रही है और जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र हर तथ्य को सामने लाएगा और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा ने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से मुलाकात भी की। दोनों नेताओं ने उनसे अनशन खत्म करने की अपील की और सरकार की ओर से बातचीत का संदेश दिया।
राहुल गांधी के धरने पर क्यों बढ़ा विवाद?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास (PMO) के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। इसके बाद सवाल उठने लगे कि जब छात्र कई दिनों से जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे हैं, तब विपक्ष के नेता सीधे वहीं क्यों नहीं पहुंचे।
गीतांजलि आंग्मो का बयान इसी बहस को और तेज कर गया। उनका कहना है कि अगर किसी नेता का मकसद छात्रों के साथ खड़ा होना है, तो उसे आंदोलन की जगह पर जाकर समर्थन देना चाहिए, न कि अलग मंच बनाकर संदेश देना चाहिए।
अब राजनीतिक लड़ाई और तेज
NEET पेपर लीक का मुद्दा अब सिर्फ परीक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है। एक तरफ सरकार विपक्ष पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगा रही है।
दूसरी तरफ विपक्ष केंद्र को छात्रों के भविष्य को लेकर घेर रहा है। इसी बीच गीतांजलि आंग्मो का बयान इस बहस में नया मोड़ लेकर आया है, क्योंकि यह टिप्पणी सीधे आंदोलन से जुड़े परिवार की ओर से आई है।


Click it and Unblock the Notifications
