बोमदिला विवाद: सेना प्रमुख ने कहा दोषी पाए जाने पर जवानों को मिलेगी सजा!
बोमदिला। पिछले दिनों अरुणाचल प्रदेश के बोमदिला में सैनिकों और पुलिस के बीच हुई हाथापाई को लेकर स्थानीय पुलिस की रिपोर्ट आ गई है। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सेना के जवान लाइट मशीन गन लेकर चल रहे थे और उन्होंने स्थानीय एसपी पर इसे तान दिया था। सिर्फ इतना ही नहीं रिपोर्ट की मानें तो जवानों ने हवाई फायर भी किए ताकि पुलिस और स्थानीय प्रशासन को डराया जा सके। आपको बता दें कि दो नवंबर को बोमदिला में सेना के जवानों और एसपी राजा बांथिया के बीच हाथापाई हुई थी। यह घटना उस एक दिन के बाद हुई थी जब अरुणाचल स्काउट्स (एएस) के दो जवानों को उनके गलत व्यवहार की वजह से हिरासत में ले लिया गया था।

पुलिस ने दर्ज कीं पांच एफआईआर
राज्य के डीजीपी और एसपी का कहना है कि एएस के दूसरे जवानों ने खुखरी जैसे खतरनाक हथियार ले रखे थे। साथ ही अरुणाचल स्काउट्स के दूसरे ऑफिसर्स जवानों के ग्रुप्स को उकसा रहे थे।डीजीपी के पास भेजी गई एसपी राजा बांथिया की रिपोर्ट को मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्यपाल बीडी मिश्रा के पास भेजा जाएगा। पुलिस ने वेस्ट कमांड में हुई इस घटना में कम से कम पांच एफआईआर दर्ज की हैं। इस पूरी घटना में एएस के दो जवानों पर आरोप हैं कि उन्होंने पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ की और आम नागरिकों के साथ ही पुलिस के साथ मारपीट भी की।
विवाद पर क्या बोले रक्षा प्रमुख
रक्षा प्रवक्ता की ओर से इस पूरे मामले पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया गया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो इस मामले आरोपी जवानों के खिलाफ कोर्ट ऑफ इन्क्वॉयरी शुरू कर दी गई है। कहा जा रहा है कि जवान दोषी पाए गए तो फिर इन्क्वॉयरी पूरे होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के हवाले से लिखा है कि सेना इस मामले की जांच कर रही है। अगर कोई भी जवान दोषी पाया गया तो फिर उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। अपनी रिपोर्ट में बांथिया ने कहा है कि बुद्ध महोत्सव के दौरान बागुन हट के करीब जवानों ने जमकर उत्पात किया। जब पुलिस की ओर से जवानों को शांत होने और वहां से चले जाने को कहा गया तो जवान, पुलिस से ही भिड़ गए। पुलिस ने आरोप लगाया है कि दो जवानों में से एक जवान लगातार गलत भाषा का प्रयोग कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications