VIDEO: शहीद राइफलमैन औरंगजेब के भाई ने की पीएम मोदी से अपील, हमारे भाई के बदले हमें सौ आतंकी चाहिए
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में राइफलमैन औरंगजेब का आतंकियों ने जिस तरह से पहले अपहरण किया और फिर उनकी बेदर्दी से हत्या कर दी, उसको लेकर लोगों में बेहद गुस्सा देखा जा रहा है। खास तौर से औरंगजेब के पैतृक गांव में रहने वाले लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिली है। शहादत के बाद शनिवार को जब औरंगजेब का पार्थिव शरीर पुंछ स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो उन्हें अंतिम विदाई देने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनके अंतिम संस्कार के बाद औरंगजेब के भाई सामने आए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि हमारे भाई के बदले हमें सौ आतंकी चाहिए। अगर नहीं दे सकते बता दीजिए, हम खुद ले लेंगे।

'नहीं दे सकते तो हमें पता है कि कैसे लेना है'
औरंगजेब के भाई ने कहा कि जो हुआ तो बहुत बुरा हुआ है। हमारे भाई के बदले तो हमें सौ आतंकी चाहिए। अगर नहीं दे सकते तो हमें बता दें। हमें पता है कि हमें कैसे लेना है, लेकिन सबसे पहले अगर हम सरकार के पास हैं तो फैसला पहले सरकार से लेंगे। अगर सरकार फैसला नहीं देगी तो फिर हम खुद लेंगे।

पुंछ में औरंगजेब का उनके पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
औरंगजेब के भाई कहा कि मेरी 44 राष्ट्रीय राइफल्स के सीओ साहब से अपील है कि कल का दिन है, हमें ड्राइवर की फोटो, फोन नंबर और वो ड्राइवर हमें चाहिए। अगर सीओ साहब नहीं देंगे तो उसके बाद अगर 44 आरआर से टाइगर औरंगजेब आया है तो मैं भी पहले 44 आरआर में जाऊंगा। उसके बाद उसे ढूंढ़ूंगा, फिर सरकार से बात करूंगा।

आतंकियों ने औरंगजेब का अपहरण के बाद की हत्या
दरअसल गुरुवार को आतंकियों ने उस समय औरंगजेब को अगवा कर लिया था जब वो ईद की छुट्टी पर अपने घर वापस लौट रहे थे। बाद में आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पुंछ स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे। शनिवार को औरंगजेब का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में कर दिया गया।
देखिए, औरंगजेब के भाई ने क्या कहा...












Click it and Unblock the Notifications